Breaking News

ईरानी मिलिट्री और पुलिस को नहीं मिल रही सैलरी- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप     |   कर्नाटक बीजेपी का 9 मई को चित्रदुर्ग में रैली का ऐलान     |   लालू प्रसाद यादव की जमानत रद्द करने के मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई     |   पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि     |   देवघर कोषागार घोटाला: लालू की जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करेगा SC     |  

चंडीगढ़ में बम की धमकी से हड़कंप, कई स्कूल, एयर इंडिया फ्लाइट्स और सचिवालय को मिले ईमेल

चंडीगढ़ में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कई स्कूलों, एयर इंडिया की दो फ्लाइट्स और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और सभी स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें सेक्टर-45 का सेंट सोल्जर इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-49 का रयान इंटरनेशनल स्कूल, अजीत करम सिंह इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सेक्टर-32 का सौपिन्स स्कूल, सेक्टर-26 का सेंट जॉन्स स्कूल, कुंदना इंटरनेशनल स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल, सेक्टर-38 का विवेक हाई स्कूल और सेक्टर-40 का दिल्ली पब्लिक स्कूल शामिल हैं।

चंडीगढ़ पुलिस ने सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, हालांकि जांच और सर्च ऑपरेशन जारी है। यह घटना एक हफ्ते पहले मिली धमकी के बाद सामने आई है, जब 6 अप्रैल को मेयर कार्यालय, सचिवालय, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, गांधी भवन और कई स्कूलों को बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। उस ईमेल में धमाकों के लिए अलग-अलग समय भी बताए गए थे, जैसे स्कूलों के लिए 1:11 बजे, मेयर कार्यालय के लिए 2:11 बजे और सचिवालय के लिए 3:11 बजे।

ईमेल में खालिस्तान के नाम पर धमकी दी गई थी और शहर के लोगों को अपने बच्चों को बचाने की चेतावनी भी दी गई थी। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश जारी है। 1 अप्रैल को दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह के कार्यालय को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया था। अब चंडीगढ़ की इस घटना के बाद एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।