Breaking News

पुष्कर कॉरिडोर के लिए योजना तैयार- CM भजनलाल     |   गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए काम कर रही सरकार- CM भजनलाल     |   राजस्थान को तीर्थ स्थलों से जोड़ा जा रहा है- CM भजनलाल     |   हमारी सरकार संस्कृति, सनातन को बढ़ावा दे रही है- CM भजनलाल     |   NETWORK-10 को संत संसद के लिए बधाई- CM भजनलाल     |  

PM मोदी ने 'मन की बात' में खाड़ी देशों का जताया आभार, मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत की तैयारियों पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की मदद के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन देशों में बसे एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर तरह की सहायता प्रदान की जा रही है, जिसके लिए भारत आभारी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और पेट्रोल-डीजल को लेकर विश्व स्तर पर संकट की स्थिति बन रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत अपने मजबूत वैश्विक संबंधों और पिछले वर्षों में विकसित क्षमताओं के दम पर इस संकट का मजबूती से सामना कर रहा है।

उन्होंने राजनीतिक दलों और नागरिकों से अपील की कि पश्चिम एशिया के इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण न करें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मुद्दा 140 करोड़ देशवासियों के हितों से जुड़ा है और इसमें स्वार्थ की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। पीएम मोदी ने लोगों से सतर्क रहने और केवल सरकार द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अफवाहें देश के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं, इसलिए सभी को जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के चलते वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिसका असर कई देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। इस बीच, भारत सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती करने और एलपीजी संकट से निपटने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के बुनियादी ढांचे को तेजी से विकसित करने का फैसला लिया है। प्रधानमंत्री ने हाल ही में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान सहित कई वैश्विक नेताओं से बातचीत भी की है, ताकि क्षेत्रीय तनाव के बीच भारत के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।