Breaking News

पटना में राजभवन मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए तेजस्वी यादव     |   बागवान के पास मलबा गिरने के कारण बद्रीनाथ-केदारनाथ हाइवे-07 अवरुद्ध     |   चार रेलवे प्रोजेक्ट और एक हाईवे परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी     |   दिल्ली: झारखंड बीजेपी के डेलिगेशन ने अमित शाह से की मुलाकात     |   दिल्ली: टिकरी कलां इलाके में CNG पंप पर ब्लास्ट, कई लोगों के घायल होने की खबर     |  

नागपुर के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, छात्रों को सुरक्षित जगह भेजा गया

नागपुर के वर्धमान नगर स्थित सेंटर पॉइंट स्कूल को मंगलवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एहतियात के तौर पर छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस की टीम के साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और डॉग स्क्वॉड ने स्कूल की गहन जांच की। टीमों ने कक्षाओं, स्कूल परिसर और बसों की तलाशी ली। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बच्चों को तुरंत असेंबली एरिया में सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।

नागपुर पुलिस के ACP रोहित ओव्हाल ने बताया कि स्कूल प्रशासन को धमकी भरा ईमेल मिला था। इसके बाद स्थानीय पुलिस और BDDS की टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी बुलाकर दोबारा जांच कराई गई।

पुलिस अब इस डिजिटल धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। ACP ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी जांच कर रहे हैं कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है। स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक जमा हो गए। पुलिस ने उनसे अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट का माहौल न बनाने की अपील की।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है और पुलिस प्रशासन स्थिति को संभालने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह को फैलाने से बचने की अपील की। नागपुर के कम से कम दो से तीन अन्य स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिले हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से शांत रहने की अपील की है। पुलिस की ओर से पूरी तरह सुरक्षित होने की मंजूरी मिलने के बाद ही छात्रों को वापस कक्षाओं में भेजा जाएगा। स्कूल के मुख्य गेट पर भी सुरक्षा जांच सख्त रखी जाएगी।