MP News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक मेले के दौरान चाऊमीन खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों समेत करीब 130 लोग बीमार पड़ गए, आशंका जताई जा रही है कि दूषित चाऊमीन खाने की वजह से लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हिरी गांव में शनिवार को आयोजित एक मेले में हुई। मेले में चाऊमीन खाने के कुछ समय बाद लोगों को पेट दर्द समेत अन्य परेशानियां होने लगीं। जिलाधिकारी आदित्य सिंह ने बताया कि तबीयत बिगड़ने के बाद कुल 118 बच्चों को तत्काल किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें से 45 बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बालाघाट जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि बच्चों के अलावा 12 वयस्कों को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी आदित्य सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती बच्चों से मुलाकात कर उनकी सेहत का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी मरीजों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया के अनुसार, जिला अस्पताल के बाल रोग वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
गौरतलब है कि फूड पॉइजनिंग दूषित भोजन या पानी के सेवन से होती है। बालाघाट की इस घटना के बाद मेले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।