Breaking News

महुआ मोइत्रा के भेदभाव के आरोपों को अल्पसंख्यक आयोग ने किया खारिज     |   मुंबई क्राइम ब्रांच का एक्शन, गोवंडी में 2.53 करोड़ की नशीली गोलियां जब्त     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सराहा, बोले- दुनिया 'Made in India' प्लेन की चर्चा भी करेगी     |   RBI का रेपो रेट पर बड़ा बदलाव, 5.25 से बढ़ाकर 5.50% किया     |   केरल: कोऑपरेटिव सोसाइटी फ्रॉड केस में ED की रेड, 20 ठिकानों पर छापेमारी     |  

यूपी में पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 में आएगी तेजी, मंत्री एके शर्मा ने दिए समयबद्ध काम के निर्देश

योगी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत पात्र परिवारों को समय पर पक्का घर उपलब्ध कराने के लिए योजना के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा (ए.के. शर्मा) ने अधिकारियों को लाभार्थियों के चयन से लेकर आवास निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

लखनऊ स्थित राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि योजना का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

कोई पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी प्रतिबद्धता और तेजी के साथ काम करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास सुविधा से वंचित न रहे।

उन्होंने लाभार्थियों के चयन, सत्यापन और आवास निर्माण की प्रक्रिया में प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक विलंब होने पर सख्ती बरतने को कहा।

यूपी लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ

उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के क्रियान्वयन में लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया गया है।

इस उपलब्धि पर नगर विकास मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

लाखों परिवारों का पक्के घर का सपना हुआ पूरा

ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी ने प्रदेश के लाखों परिवारों के पक्के घर के सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले पात्र और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा मिले और वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।

उन्होंने कहा कि इसी लक्ष्य के साथ विभाग प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव अनुज कुमार झा, सूडा निदेशक महेंद्र बहादुर सिंह, विशेष सचिव प्रवीण लक्ष्यकार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।