Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, जंगल से 20 किलो के तीन IED बरामद

मणिपुर के जिरीबाम जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल से तीन IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए हैं। इन विस्फोटक उपकरणों का कुल वजन करीब 20 किलो बताया जा रहा है। सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर स्पीयर कॉर्प्स की टीम ने मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर लीशाबिथोल और अहमदाबाद के बीच जंगल वाले इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान तीन IED बरामद किए गए।

बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से इलाके में बड़ा नुकसान होने से टल गया। सुरक्षाबलों की इस संयुक्त कार्रवाई से उनकी सतर्कता और तैयारियों का पता चलता है। सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में शांति और लोगों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।

इससे पहले शुक्रवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने थौबल जिले के याइरिपोक बिष्णुनाहा में कांग्रेस विधायक कीशम मेघचंद्र सिंह के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की निंदा की थी। गुरुवार रात करीब 8:15 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने विधायक के घर पर विस्फोटक फेंका था। धमाका घर के पश्चिमी हिस्से में हुआ। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को मामले की गहराई से जांच करने और जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी व्यक्ति या संगठन ने नहीं ली है। हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की वजह भी अभी साफ नहीं हुई है।

घटना के बाद विधायक के घर के पास धरना-प्रदर्शन भी किया गया। इसका आयोजन ऑल याइरिपोक अपुनबा इमा लुप ने किया था। स्थानीय लोगों ने विधायक से मुलाकात कर उनके प्रति समर्थन जताया। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) ने भी हमले की कड़ी निंदा की। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक प्रक्रिया पर हमला बताया।

कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान MPCC के उपाध्यक्ष हरेश्वर गोस्वामी ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को बातचीत और शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी हमला है।गोस्वामी ने बताया कि अब तक किसी भी व्यक्ति या संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। उन्होंने कहा कि अगर इस घटना के पीछे कोई भूमिगत संगठन है, तो उसे सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।