Breaking News

सिक्कम: नेशनल हाईवे 10 पर सिंगतम-रंगपो के बीच भूस्खलन, गंगटोक जाने वाली सड़क बंद     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पेंशन लाभार्थियों के खातों में ₹1,423.94 करोड़ भेजे     |   UP: ‘लंबे समय तक अयोध्या को नजरअंदाज किया गया’, बोले सीएम योगी आदित्यनाथ     |   इंग्लैंड से हार के बाद BCCI खिलाड़ियों-कोचिंग स्टाफ के प्रदर्शन की समीक्षा करेगा     |   दिल की बीमारियों के बाद कैंसर बनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी जानलेवा बीमारी: WHO     |  

महाराष्ट्र ATS की कई शहरों में छापेमारी, पाकिस्तानी आतंकी शहजाद के सोशल मीडिया फॉलोअर्स जांच के घेरे में

महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने शुक्रवार को राज्य के कई शहरों में छापेमारी की। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की जा रही है, जिनके पाकिस्तान स्थित कथित ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क होने का संदेह है। ATS के मुताबिक, मुंबई, ठाणे, कुर्ला, बांद्रा, जोगेश्वरी, नवी मुंबई, मीरा रोड, भायंदर, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एजेंसी का कहना है कि जिन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की गई है, वे कथित तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से शाहजाद भट्टी के संपर्क में थे। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल द्वारा हाल ही में पाकिस्तान से जुड़े दो कथित मॉड्यूल का भंडाफोड़ किए जाने के बाद की जा रही है। इस मामले में दिल्ली और पंजाब से छह संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे कथित तौर पर शाहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर पेट्रोल बम हमलों की साजिश रच रहे थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने नई पुलिस लाइंस (सिविल लाइंस), आनंद विहार ISBT, एक रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले बाजारों की रेकी की थी। इन स्थानों के वीडियो उनके मोबाइल फोन से बरामद हुए, जिन्हें कथित तौर पर एक प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप के जरिए शाहजाद भट्टी को भेजा गया था।

जांच में मिले सोशल मीडिया चैट के आधार पर एजेंसियों का दावा है कि शाहजाद भट्टी ने आरोपी दानिश उर्फ चांद मियां को कथित तौर पर "सामान" की डिलीवरी और उसे सुरक्षित रखने के निर्देश दिए थे। जांचकर्ताओं का मानना है कि "सामान" से मतलब पेट्रोल बम था। इससे पहले दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने राजघाट के पीछे विजय घाट इलाके से पेट्रोल बम भी बरामद किए थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तार छह आरोपियों का संपर्क शाहजाद भट्टी से जुड़े पाकिस्तान में मौजूद 10 अन्य लोगों से भी था। फिलहाल एजेंसियां इस पूरे कथित नेटवर्क और सीमा पार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।