Breaking News

'लेबनान पर इजरायली हमलों में मरने वाले लोगों की संख्या 900 से ज्यादा हुई'     |   समाजवादी पार्टी ने यूपी में शिक्षक मतदाता सूची में गंभीर गड़बड़ी का आरोप लगाया     |   कुलदीप यादव के रिसेप्शन में पहुंचे CM योगी, कोच गंभीर सहित कई क्रिकेटर मौजूद     |   इजरायली PM नेतन्याहू ने किया कंफर्म, मारे गए ईरान के सिक्योरिटी चीफ लारीजानी     |   इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नवरोज पर ईरानी लोगों को दी बधाई     |  

'सरके चुनर तेरी सरके’ पर कंगना का हमला, बोलीं— बॉलीवुड ने पार की अश्लीलता की हदें

भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने हाल ही में रिलीज हुए गाने "सरके चुनर तेरी सरके" पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस गाने को “नया निचला स्तर” बताते हुए बॉलीवुड पर “अश्लीलता की हदें पार करने” का आरोप लगाया। नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया यह गाना आगामी फिल्म ‘KD: The Devil’ का हिस्सा है और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।

संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने इंडस्ट्री में बढ़ती “अश्लीलता” और “ध्यान खींचने की प्रवृत्ति” पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “बॉलीवुड ने अश्लीलता, हथकंडों और ध्यान खींचने के मामले में सारी सीमाएं पार कर दी हैं। पूरा देश इसकी निंदा कर रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई शर्म है...”

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कंटेंट पर सख्ती जरूरी है। “अश्लीलता के प्रदर्शन पर और कड़ा नियंत्रण होना चाहिए। मुझे लगता है कि बॉलीवुड पर कुछ सख्त लगाम लगानी होगी,” उन्होंने जोड़ा। वहीं, सिंगर अरमान मलिक ने भी इस गाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उन्हें यकीन करने के लिए वीडियो दोबारा देखना पड़ा। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गानों की लेखनी “नए निचले स्तर” पर पहुंच गई है।

इस बीच, गाना कानूनी विवाद में भी घिर गया है। अधिवक्ता विनीत जिंदल ने इस गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रति सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी भेजी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह गाना “अत्यधिक अश्लील, यौन संकेत देने वाला और आपत्तिजनक” है। साथ ही कहा गया है कि इसके दृश्य और डांस सीक्वेंस उत्तेजक हैं, जो अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं और सार्वजनिक शालीनता को प्रभावित करते हैं।