साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर को कंधे की सर्जरी के बाद गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अभिनेता का KIMS हॉस्पिटल्स, सिकंदराबाद में आर्थ्रोस्कोपिक शोल्डर सर्जरी का इलाज चल रहा था। अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, जूनियर एनटीआर की सर्जरी सफल रही और उनकी हालत ठीक है। अब वह डॉक्टरों की निगरानी में रिहैबिलिटेशन यानी रिकवरी और फिजियोथेरेपी की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
जूनियर एनटीआर की सर्जरी डॉ. आरए पूर्णचंद्र तेजस्वी और डॉ. नितिन बेज्जंकी की देखरेख में हुई। अस्पताल ने बताया कि अभिनेता की हालत अच्छी है और पूरी तरह ठीक होने के लिए वह डॉक्टरों की निगरानी में तय रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम का पालन करेंगे। KIMS हॉस्पिटल्स के CMD डॉ. भास्कर राव ने अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। सर्जरी के एक दिन बाद 12 अगस्त को जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस, दोस्तों और परिवार का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने लिखा था कि फैंस की दुआओं और प्यार से वह बेहद भावुक हैं। उन्होंने बताया कि सर्जरी सफल रही और वह ठीक हैं। उन्होंने KIMS के डॉक्टरों और मेडिकल टीम का भी आभार जताया।
जूनियर एनटीआर ने कहा कि उनके दोस्तों, परिवार और फैंस का समर्थन उन्हें हर दिन हिम्मत देता है। उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, “जल्द मिलते हैं!” जूनियर एनटीआर के कंधे में चोट लगी थी। डॉक्टरों से सलाह और जांच के बाद उन्हें जल्द और पूरी तरह ठीक होने के लिए आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी की सलाह दी गई थी।
सर्जरी ऑर्थोपेडिक सर्जनों की टीम ने की। अस्पताल के मुताबिक, जूनियर एनटीआर के दो से तीन महीने में सामान्य स्थिति में लौटने की उम्मीद है।उनकी टीम ने 27 जुलाई को भी बताया था कि अभिनेता की हालत स्थिर है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अब सर्जरी के बाद जूनियर एनटीआर की रिकवरी प्रक्रिया शुरू हो गई है।