केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने बुधवार को कहा कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटना की जांच अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और इसकी रिपोर्ट जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेही के साथ की जा रही है।मंत्री ने कहा कि यह केवल भारत तक सीमित मामला नहीं है, क्योंकि दुर्घटनाग्रस्त विमान एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान पर था। उन्होंने कहा, "यह जांच अंतिम चरण में है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी जांच पर नजर है, इसलिए हम चाहते हैं कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह हो। मुझे विश्वास है कि रिपोर्ट जल्द सामने आएगी।"
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान था, अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में कुल 260 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 229 यात्री, 12 क्रू सदस्य और जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे।
राम मोहन नायडू ने यह भी बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए रांची एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत की जाएगी। इस कैफे का उद्देश्य यात्रियों को हवाई अड्डे पर किफायती दरों पर भोजन और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि देश के कई हवाई अड्डों पर इस पहल को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। मंत्री ने रांची को बेहद सुंदर शहर बताते हुए कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति से उत्पन्न मौजूदा वैश्विक संकट से निपटने के लिए देश को सामूहिक रूप से प्रयास करने की जरूरत है।