Breaking News

दिल्ली की मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने अरविंद केजरीवाल को लिखी चिट्ठी     |   कांग्रेस ने वंदे मातरम् के दो टुकड़े किए, संसद से पास कानून को नकारा: अमित शाह     |   'कांग्रेस ने वंदे मातरम् के दो-टुकड़े किए', बोले अमित शाह     |   पुणे पुलिस ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को अनुमति दी     |   लखनऊ में DRI का बड़ा एक्शन, हाथीदांत की 54 कलाकृतियों के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार     |  

भारत-जापान रक्षा सहयोग को नई मजबूती, आज राजनाथ सिंह और शिंजिरो कोइजुमी की होगी द्विपक्षीय बैठक

जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। बुधवार को भारत पहुंचने के बाद उन्होंने मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान का दौरा किया। अब गुरुवार, 20 अगस्त को नई दिल्ली में जापानी रक्षा मंत्री और भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।

मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान के दौरे के दौरान शिंजिरो कोइजुमी ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और नौसेना डॉकयार्ड स्थित गौरव स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित किया। उन्होंने भारतीय नौसेना के स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस चेन्नई का भी दौरा किया। इस दौरान जापानी प्रतिनिधिमंडल को भारतीय नौसेना की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और परिचालन क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई।

इसके बाद आज राजनाथ सिंह और शिंजिरो कोइजुमी के बीच होने वाली बैठक में समुद्री सुरक्षा सहयोग, रक्षा उपकरणों और तकनीक में साझेदारी, स्वदेशी रक्षा उत्पादन तथा रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। दोनों देश ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार करेंगे।

जापान द्वारा रक्षा उपकरणों और तकनीक के हस्तांतरण से जुड़े अपने तीन सिद्धांतों में बदलाव किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग के नए अवसर पैदा हुए हैं। ऐसे में बैठक के दौरान जापानी रक्षा तकनीक के हस्तांतरण और संयुक्त रक्षा उत्पादन की संभावनाओं पर भी मंथन होने की उम्मीद है।

भारत और जापान हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की साझा सोच रखते हैं। दोनों देश समुद्री सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण, रक्षा तकनीक और रणनीतिक सहयोग सहित कई क्षेत्रों में लगातार अपने संबंधों को मजबूत कर रहे हैं। शिंजिरो कोइजुमी की भारत यात्रा जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की हालिया दिल्ली यात्रा के बाद हो रही है।

प्रधानमंत्री ताकाइची ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर बैठक में हिस्सा लिया था। इस दौरान दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई थी। ऐसे में जापानी रक्षा मंत्री की भारत यात्रा को उस सहमति को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आज होने वाली राजनाथ सिंह और शिंजिरो कोइजुमी की बैठक से भारत-जापान रक्षा साझेदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।