अभिनेता ऋतिक रोशन ने एक नए प्रोजेक्ट की घोषणा की है। उन्होंने प्राइम वीडियो के साथ मिलकर ‘मेस’ (Mess) नाम की एक कॉमेडी फिल्म की घोषणा की है। यह फिल्म उनके प्रोडक्शन हाउस HRX Films के तहत बनाई जाएगी, जिसमें उनके भाई ईशान रोशन भी सह-निर्माता होंगे। प्रेस रिलीज के अनुसार, ऋतिक रोशन ने इस साझेदारी को लेकर कहा कि यह प्रोजेक्ट प्राइम वीडियो के साथ उनकी पिछली शुरुआत को आगे बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने कहा, “स्टॉर्म के साथ प्राइम वीडियो के साथ हमारी एक खास शुरुआत हुई थी, और ‘मेस’ हमारे लिए एक स्वाभाविक अगला कदम है। यह साझेदारी हमें नए और साहसिक कंटेंट बनाने का मौका देती है।”
फिल्म की कहानी कुछ लुटेरों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ऐसे व्यक्ति के घर में घुसते हैं जिसे ऑब्सेसिव-कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) है। जैसे-जैसे रात बीतती है, लुटेरों को एहसास होता है कि हालात उनके सोचे से बिल्कुल अलग हैं, और अब उन्हें खुद उस रात से बचकर निकलना पड़ सकता है।फिल्म की मूल स्क्रिप्ट अमेरिकी लेखक पॉल सोटर ने लिखी है, जबकि इसका हिंदी रूपांतरण और संवाद कपिल सावंत ने तैयार किए हैं। फिल्म की कास्ट और रिलीज डेट से जुड़ी अन्य जानकारी जल्द साझा की जाएगी।