नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर फैंस का इंतजार अब और खास हो गया है। गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार को फिल्म का पहला गाना 'जय जय राम' रिलीज कर दिया गया है। गाने में भक्ति और संगीत का खूबसूरत मेल देखने को मिल रहा है। ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने इस गाने को कंपोज किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। 'जय जय राम' में आरती की आध्यात्मिक भावना को सिनेमाई संगीत के साथ जोड़ा गया है।
गाने के बोल भगवान श्रीराम की करुणा, रक्षा और धर्म के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाते हैं। वहीं, बार-बार ‘जय जय राम’ का जाप गाने को भक्ति से जोड़ता है। फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल 'द वर्ल्ड ऑफ रामायण' ने गाने को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। गाने को लेकर ए.आर. रहमान ने कहा कि उनका उद्देश्य भगवान राम को समर्पित इस प्रार्थना की पवित्रता और आत्मीयता को बनाए रखना था।
उन्होंने कहा, “'जय जय राम' के केंद्र में श्रीराम के नाम का सरल और शक्तिशाली जाप है। संगीत तैयार करते समय हमारा उद्देश्य प्रार्थना की पवित्रता और आत्मीयता को बनाए रखना था, साथ ही इसे एक सिनेमाई गीत का रूप देना था। अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने डॉ. कुमार विश्वास के शब्दों को अपनी अलग भावनात्मक अभिव्यक्ति दी है, लेकिन गाने की भक्ति भावना को हमेशा केंद्र में रखा है।” रहमान ने उम्मीद जताई कि दर्शकों को यह गाना शांति और भगवान राम से व्यक्तिगत जुड़ाव का एहसास कराएगा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार की एकेडमी अवॉर्ड विजेता कंपनी DNEG और यश की Monster Mind Creations के सहयोग से किया गया है। फिल्म को भारत को छोड़कर दुनियाभर में Sony Pictures रिलीज करेगी। 'रामायण: पार्ट वन' दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।