Breaking News

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ममता बनर्जी ने SIR के विरोध में अपना धरना समाप्त किया     |   इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा     |   मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कांग्रेस और टीएमसी आए साथ     |   केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी उत्पादन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की     |   2026 तक 10.73 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो जाएगी तेल की खपत. सऊदी अरामको CEO का दावा     |  

'धोनी-रोहित के एलीट क्लब में शामिल होकर अच्छा लग रहा', टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद बोले सूर्यकुमार यादव

T20 World Cup 2026: भारत को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने के दो दिन बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वे देश को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ट्रॉफी दिलाने वाले कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल होकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप जीता। ये रिकॉर्ड तीसरा अवसर है जबकि भारत ने ये खिताब अपने नाम किया। वह अपने खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम भी बन गई है।

अहमदाबाद से लौटने के तुरंत बाद सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘2024 और अब 2026 में ट्रॉफी जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। ये बहुत ही खास अहसास है। जब हमने 2024 में जीत हासिल की थी, तब हमने सोचा था कि 2026 में अपने घरेलू मैदान पर इसे दोहराना कितना खास होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अगला लक्ष्य 2028 में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतना है। टीम अच्छी लय में है। अगर भारत उसी साल (2028 में) टी20 विश्व कप जीत जाता है, तो ये बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।’’ रोहित और धोनी जैसे दिग्गजों से अपनी तुलना किए जाने पर सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘उस एलीट क्लब में शामिल होकर अच्छा लग रहा है। मैं धीरे-धीरे इसे महसूस कर रहा हूं। इतने महान खिलाड़ियों के साथ मेरा नाम आना बहुत ही खास अहसास है। मैं भविष्य में भी ऐसा करने की कोशिश करूंगा और भारत को और अधिक ट्रॉफियां दिलाने में मदद करना चाहूंगा।’’

रोहित उस समय कप्तान थे जब भारत ने जून 2024 में बारबाडोस में टी20 विश्व कप जीतकर आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म किया था। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में टी20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप जीता था।

कपिल देव की कप्तानी में भारतीय टीम ने 1983 में वनडे विश्व कप जीता था, जो देश के लिए पहला बड़ा खिताब था। सूर्यकुमार ने खुलासा किया कि उन्होंने टी20 विश्व कप से पहले धोनी से बात की थी।

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘मैंने टूर्नामेंट से पहले उनसे (धोनी) मुलाकात की थी और उन्होंने मुझे आईसीसी टूर्नामेंट में खेलने का तरीका बताया था। उन्होंने कहा था कि हमारी टीम अच्छी है, हमें बस हिम्मत रखनी होगी और हम निश्चित रूप से जीतेंगे। जीत के बाद उनकी प्रतिक्रिया शानदार थी।’’ पूरा भारत इस उपलब्धि का जश्न मना रहा है। भारतीय टीम ने भी रविवार की पूरी रात को जश्न मनाया।

सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘विश्व चैंपियन बनने के बाद उस रात हमने जो जश्न मनाया काश उसे मैं सबके साथ साझा कर पाता। हमने बहुत अच्छा समय बिताया और हम सुबह आठ बजे तक जागते रहे।’’ सूर्यकुमार को अब 28 मार्च से शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने का इंतजार है।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी थोड़ा आराम करना है और फिर आईपीएल की तैयारी करनी है। हम अगले चरण में ओलंपिक की तैयारी शुरू कर देंगे जहां हमारा लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है।’’ ओलंपिक खेल 2028 में लॉस एंजिलिस में होंगे जहां 128 साल के बाद क्रिकेट की वापसी होगी।