उत्तर प्रदेश में बारिश और अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा है कि बारिश से हुई जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान का आकलन 24 घंटे के भीतर पूरा किया जाए, ताकि प्रभावितों को नियमानुसार जल्द क्षतिपूर्ति मिल सके। उन्होंने साफ कहा कि किसानों और आम लोगों को सहायता के लिए इंतजार नहीं करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने को प्राथमिकता देने को कहा है।
48 घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश
सीएम योगी ने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अगले 48 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति सुचारु करने और बाधाओं को जल्द दूर करने को कहा है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जलभराव वाले इलाकों में तेज होंगे राहत कार्य
मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकालने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान तेज करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि जरूरी संसाधनों की मदद से इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें तत्काल राहत पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है।
डीएम समेत अधिकारियों को मौके पर रहने के निर्देश
सीएम योगी ने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन संवेदनशीलता और तेजी से किया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत पाने में देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान से जुड़े मामलों में जरूरी कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों और परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों और आम जनता के साथ खड़ी है।