तृणमूल कांग्रेस (TMC) के युवा नेता सौमित्र बनर्जी पर मंगलवार को पुलिस द्वारा कोर्ट ले जाते समय अंडे फेंके गए। पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और बनर्जी को सुरक्षित अदालत तक पहुंचाया। सौमित्र बनर्जी को भाजपा नेता रवि केशरी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप है। इससे पहले सोमवार को TMC नेता कुनाल घोष पर भी कुछ युवकों ने अंडे फेंके थे। घटना के बाद घोष ने कहा कि इस तरह की घटनाएं उन्हें डराने या रोकने वाली नहीं हैं। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों से की है।
कुनाल घोष ने बताया कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर एक बैठक में शामिल होने गए थे। बैठक के बाद जब वह बाहर निकलकर मीडिया से बात कर रहे थे, तभी दो युवकों ने उन पर अंडे फेंके। उन्होंने कहा, "मैं ममता बनर्जी के घर बैठक में गया था। बाहर निकलते समय पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहा था, तभी दो लड़कों ने मुझ पर अंडा फेंका। मैंने अपनी आंख बचा ली, नहीं तो गंभीर चोट लग सकती थी। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।"
घटना के बाद कुनाल घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने शुभचिंतकों और पार्टी साथियों के अलावा किसी और समर्थन की जरूरत नहीं है। उन्होंने लिखा, "मैं अकेला, निहत्था और बिना सुरक्षा के मीडिया से बात कर रहा था। उसी दौरान मुझ पर अंडे फेंके गए। पुलिस सिर्फ तमाशबीन बनी रही। इसके बावजूद मैं खुद थाने गया और शिकायत दर्ज कराई।" घोष ने यह भी कहा कि वह अपनी विचारधारा से पीछे नहीं हटेंगे और किसी भी तरह की हिंसा या दबाव से डरने वाले नहीं हैं। फिलहाल दोनों घटनाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।