Breaking News

नितिन नवीन कल जालंधर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे     |   केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र के प्रधानमंत्री से की मुलाकात     |   यूपी में सीट शेयरिंग पर कांग्रेस-सपा की बैठक अब कल नहीं होगी, अगले 2-3 दिन में फैसला     |   चीन में किम जोंग उन से मिल सकते हैं ट्रंप, APEC समिट के दौरान मुलाकात के संकेत     |   होर्मुज में एक और तेल टैंकर पर बारूदी सुरंग से हमला: ईरान     |  

सीएम योगी ने संत रमेश बाबा को दी श्रद्धांजलि, बोले- गोमाता भारतीय संस्कृति और कृषि परंपरा की मजबूत कड़ी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सनातन परंपरा में ऋषि संस्कृति और कृषि व्यवस्था का विशेष स्थान है, इन दोनों के बीच गोमाता एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर गोमाता का सानिध्य और संरक्षण होता है, वह भूमि अपने आप में तीर्थ के समान बन जाती है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को बरसाना स्थित मान मंदिर गोशाला परिसर में पद्मश्री से सम्मानित ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा महाराज के त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने संत की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गोपाष्टमी के अवसर पर आश्रम में विधि-विधान से गोपूजन भी किया। इस दौरान उन्होंने ब्रज की संस्कृति, गोसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में संत रमेश बाबा के योगदान को याद किया।

भारतीय संस्कृति और कृषि व्यवस्था का आधार हैं गोमाता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में ऋषि परंपरा के साथ कृषि परंपरा का भी गहरा जुड़ाव रहा है। गोमाता इन दोनों परंपराओं को जोड़ने का काम करती हैं। गाय, बछड़े, बछिया और बैल ग्रामीण जीवन, कृषि व्यवस्था तथा अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं।

उन्होंने कहा कि गोसेवा और गोवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रखने का भी प्रयास है। संत रमेश बाबा ने अपने पूरे जीवन में इन आदर्शों को अपनाया और समाज को भी इनके प्रति जागरूक किया।

12 यूनिट वाले निःशुल्क डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन

संत रमेश बाबा के त्रयोदशी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 12 यूनिट की क्षमता वाले निःशुल्क डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन भी किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उन्हें इस स्वास्थ्य सुविधा के लोकार्पण की जानकारी दी गई थी। संत के शिष्यों और अनुयायियों ने जनसेवा की भावना से इस केंद्र की स्थापना कराई है।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संतों का जीवन समाज के लिए समर्पण और सेवा का संदेश देता है। वे स्वयं सीमित संसाधनों में रहकर भी अपने प्रयासों को लोककल्याण के लिए समर्पित कर देते हैं।

गोशाला के प्रयासों से सूखी पहाड़ियों पर लौटी हरियाली

मान मंदिर गोशाला और आसपास के क्षेत्र में आए बदलावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग दस वर्ष पहले जब वह यहां आए थे, तब आसपास की पहाड़ियां सूखी और वीरान दिखाई देती थीं। आज गोसेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों से पूरे इलाके में हरियाली नजर आती है।

उन्होंने बताया कि गोशाला ट्रस्ट के माध्यम से हजारों गोवंश की देखभाल की जा रही है। संत रमेश बाबा ने पहले भी यहां कई सेवा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प साझा किया था। आज उन योजनाओं को जमीन पर साकार होते देखकर प्रसन्नता होती है। इस स्थान का आध्यात्मिक वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता यहां किए गए प्रयासों का प्रमाण है।

ब्रज की विरासत और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित रहा संत का जीवन

मुख्यमंत्री ने संत रमेश बाबा को ब्रजभूमि का सम्मानित संत और मान मंदिर सेवा संस्थान का संस्थापक बताया। उन्होंने कहा कि संत ने अपना संपूर्ण जीवन ब्रज की सेवा, गोवंश संरक्षण, पहाड़ियों और प्राचीन कुंडों के संवर्धन तथा यमुना नदी की स्वच्छता के लिए समर्पित कर दिया।

उनके प्रयासों ने ब्रज की सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए समाज को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने संत की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके शिष्यों और अनुयायियों से उनके सेवा एवं लोककल्याण के संकल्पों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई संत और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर रोहतक के पीठाधीश्वर एवं राजस्थान के तिजारा से विधायक महंत बालकनाथ योगी, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, पूर्व मंत्री एवं एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, कोशिकला स्थित ब्रजभूषण मंदिर के महंत माधव दास जी महाराज, श्री माता जी गौशाला के अध्यक्ष बाबा ब्रजशरण दास जी महाराज, बलवंत शरण जी महाराज और मान मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री उपस्थित रहे। इसके अलावा संत रमेश बाबा के अनुयायी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।