Breaking News

महुआ मोइत्रा के भेदभाव के आरोपों को अल्पसंख्यक आयोग ने किया खारिज     |   मुंबई क्राइम ब्रांच का एक्शन, गोवंडी में 2.53 करोड़ की नशीली गोलियां जब्त     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सराहा, बोले- दुनिया 'Made in India' प्लेन की चर्चा भी करेगी     |   RBI का रेपो रेट पर बड़ा बदलाव, 5.25 से बढ़ाकर 5.50% किया     |   केरल: कोऑपरेटिव सोसाइटी फ्रॉड केस में ED की रेड, 20 ठिकानों पर छापेमारी     |  

CM योगी का सपा पर हमला, बोले- राज्यसभा चुनाव ने बता दिया यूपी विधानसभा चुनाव का परिणाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को लखनऊ के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 25 वर्ष की जनसेवा पूरी करने पर बधाई दी। पीएम मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया।

सीएम योगी ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम का संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा, “यह लड़ाई फिर 80-20 की हो गई है। 80 फीसदी एनडीए और 20 फीसदी पीडीए का हिस्सा है। पीडीए का क्या हाल होगा, यह बाद में पता चलेगा।”

भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता ने भारत को दिलाई नई पहचान

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना हर भारतवासी के लिए गौरव का दिन है। गुजरात के एक छोटे से गांव से निकलकर नरेंद्र मोदी ने देश का नेतृत्व किया और एक सामान्य कार्यकर्ता व स्वयंसेवक के रूप में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई।

उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस समय गुजरात में भीषण आपदा के कारण मुश्किल हालात थे। ऐसे समय में उन्होंने गुजरात की जिम्मेदारी संभाली और इसे देश के सामने एक मॉडल स्टेट के रूप में प्रस्तुत किया।

गांव से ग्लोबल तक पहुंची पीएम मोदी की यात्रा

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा गांव से ग्लोबल तक की यात्रा है। पिछले 12 वर्षों में उन्होंने भारत को दुनिया के सामने एक मजबूत और समर्थ देश के रूप में प्रस्तुत किया है। इससे देश के नागरिकों में आत्मविश्वास बढ़ा और नए भारत के निर्माण को गति मिली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की खुशहाली और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

भारत अब टॉप-5 अर्थव्यवस्था में शामिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 वर्ष पहले भारत की गिनती दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में होती थी और देश बॉटम-5 में था। आज भारत टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है और प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि पहले देश में कुछ हजार स्टार्टअप थे, लेकिन आज ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप हैं। मिशन रोजगार के जरिए युवाओं को नौकरी, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी युवाओं की प्रतिभा को नई दिशा दे रहे हैं।

रेलवे और एयर कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव

सीएम योगी ने कहा कि पहले रेलवे की गति और नेटवर्क सीमित था। मालगाड़ियों को लंबी दूरी तय करने में कई दिन लगते थे, लेकिन अब देश में बेहतर कनेक्टिविटी नेटवर्क तैयार हुआ है।

ब्रॉडगेज, रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के साथ वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं देश को नई गति दे रही हैं।

उन्होंने एयर कनेक्टिविटी का भी जिक्र किया और कहा कि 2014 तक देश में जितने एयरपोर्ट थे, आज उनकी संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। अब सामान्य परिवारों के लोग भी हवाई यात्रा कर रहे हैं।

यूपी में माफिया राज की जगह विकास ने ली

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में “एक जिला-एक माफिया” जैसी स्थिति थी, लेकिन अब तस्वीर बदल गई है। आज प्रदेश में एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज, एक जिला-एक उत्पाद और एक जिला-एक व्यंजन जैसे अभियान चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सम्मान मिल रहा है और सेवा के संकल्प से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

डिजिटल इंडिया से सीधे खातों में पहुंच रहा पैसा

सीएम योगी ने कहा कि पहले गरीबों के लिए आवास और दूसरी सरकारी सुविधाओं की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। जब जनधन खाते खोले जा रहे थे तो कुछ लोग डिजिटल इंडिया का मजाक उड़ाते थे।

उन्होंने कहा कि आज डीबीटी के जरिए महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों और श्रमिकों के खातों में सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे पहुंच रहा है। इससे सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता आई है।

पीएम मोदी ने असंभव को बनाया संभव

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कई ऐसे काम संभव किए हैं, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना, स्टार्टअप इकोसिस्टम, हाईवे और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क और उत्तर प्रदेश में इनलैंड वाटरवे जैसी सुविधाएं इसका उदाहरण हैं।

उन्होंने सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी जिक्र किया। सीएम ने कहा कि पहले एक चिप के लिए भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब देश में सेमीकंडक्टर से जुड़े 12 से अधिक उद्योग या तो काम कर रहे हैं या निवेश की प्रक्रिया में हैं। 

रक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी भारत मजबूत

सीएम योगी ने कहा कि भारत पहले रक्षा क्षेत्र में दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब देश हजारों करोड़ रुपये के रक्षा उत्पाद दूसरे देशों को निर्यात कर रहा है।

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में एम्स की संख्या बढ़ने का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देश में केवल दिल्ली में एम्स था। अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में इसकी संख्या छह हुई और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में यह संख्या बढ़कर 23 हो गई।

उन्होंने कहा कि आईआईटी, आईआईएम और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को जमीन पर उतारा है।

पीएम मोदी ने दिलाया विकसित भारत-2047 का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के बाद वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प दिलाया।

लखनऊ में भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मशाल सौंपी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया। कार्यक्रम में सीएम योगी ने ‘जनसेवा से देशसेवा’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी, बृजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, विधायक पंकज सिंह, नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, जय देवी, राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।