Breaking News

राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बारिश     |   नागपुर: गोधनी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस लीक, 40 लोग अस्पताल में भर्ती     |   UP: ‘देश की संस्थाओं को अपमानित करना गलत’, सीएम योगी का राहुल गांधी पर पलटवार     |   साइबर टेररिज्म केस 2025: NIA की तेलंगाना के पेड्डापल्ली में कई जगहों पर छापेमारी     |   झारखंड सरकार ने पेपरलीक मामले में SC का नोटिस स्वीकारा, दाखिल करेगी जवाब     |  

CM Yogi: 'मंदिर के अंदर राम-राम, बाहर निकलते ही मछली की दावत', अजय राय पर भड़के CM योगी

Raebareli: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कथित तौर पर आयोजित मछली दावत को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अजय राय पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि अजय राय हनुमानगढ़ी में दर्शन करने गए और इसके बाद एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां कथित तौर पर मछली परोसी गई। रायबरेली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस की राजनीति और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा।

योगी ने कहा, “आपने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का व्यवहार देखा। वह हनुमानगढ़ी में पूजा करने जाते हैं, लेकिन बाद में बाहर मछली की दावत उड़ाते हैं। वह अपनी पसंद का खाना कहीं भी खा सकते थे, लेकिन अयोध्या के अलावा कहीं और। यही इनका दोहरापन है।” उन्होंने अजय राय पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों के व्यवहार से गिरगिट भी शर्मिंदा हो जाए। उन्होंने कहा कि ये लोग मंदिर के अंदर ‘राम-राम’ का जाप करते हैं और बाहर निकलते ही मछली की दावत में शामिल हो जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने अजय राय के राजनीतिक आचरण पर भी सवाल उठाए और एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए उन पर कथित माफिया के खिलाफ गवाही नहीं देने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि सरकार की कार्रवाई के बाद ही स्थिति बदली और प्रदेश में माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। दरअसल, अजय राय हाल ही में अयोध्या में निषाद समाज के लोगों की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद कार्यक्रम में कथित तौर पर मछली परोसे जाने को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर अजय राय ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप का खंडन करते हुए मुख्यमंत्री से इसका फोटो या वीडियो सबूत पेश करने की चुनौती दी। अजय राय ने कहा, “मुख्यमंत्री मेरी आलोचना कर रहे हैं। क्या उनके पास कोई फोटो है? अगर वह कोई तस्वीर पेश कर दें तो मैं तुरंत इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं।”

अजय राय ने बताया कि उन्हें निषाद समाज की ओर से अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा, “निषाद समाज ने मुझे कल अयोध्या में एक कार्यक्रम में बुलाया था। अगर वहां मछली बनाई जा रही थी, तो यह उनकी चिंता का विषय है। मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लौट आया।” इस पूरे मामले ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक तनातनी को और बढ़ा दिया है। धार्मिक प्रतीकों और नेताओं के आचरण को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।