Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से टकराया पक्षी, 148 यात्री और क्रू सुरक्षित

विशाखापत्तनम से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के साथ मंगलवार को बर्ड स्ट्राइक की घटना हुई। हालांकि, विमान ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 148 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

लैंडिंग के बाद विमान की जांच शुरू

फ्लाइट IX2065 ने विशाखापत्तनम से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में विमान से एक पक्षी टकरा गया। इसके बावजूद विमान ने अपनी यात्रा पूरी की और एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया।

लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग स्टैंड पर ले जाया गया। इसके बाद ग्राउंड इंजीनियरों और तकनीकी टीम ने विमान की जांच शुरू की, ताकि पक्षी के टकराने से उसके ढांचे या इंजन को हुए संभावित नुकसान का पता लगाया जा सके। विमानन सुरक्षा नियमों के तहत इस तरह की जांच की जाती है।

फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट को मिली थी हाईजैक की धमकी

इससे पहले 14 अक्टूबर को फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 को हाईजैक की आशंका के चलते जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। विमान ने सुबह करीब 9:35 बजे जयपुर में लैंडिंग की थी।

विमान ने 'स्क्वॉक 7500' कोड भेजा था। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल गैरकानूनी हस्तक्षेप या संभावित हाईजैक की स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है।

इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी जांच की। एयरोड्रोम कमेटी की समीक्षा और खतरे की आशंका दूर होने के बाद विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी गई। विमान बुधवार दोपहर जयपुर से अपने अगले गंतव्य दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

पावर बैंक में आग लगने से इंडिगो फ्लाइट डायवर्ट

11 अक्टूबर को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को भी उड़ान के दौरान आपात स्थिति का सामना करना पड़ा था। विमान में एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई, जिसके बाद धुआं फैलने लगा।

स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान को हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया। चालक दल ने सुरक्षा प्रक्रिया के तहत स्थिति को संभाला और विमान को सुरक्षित उतारा।

इंडिगो ने इस घटना से यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया था। एयरलाइन ने कहा था कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रियों को जरूरी जानकारी तथा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए।