Breaking News

पंजाब: दो मौजूदा और एक पूर्व विधायक आज बीजेपी में होंगे शामिल     |   UP के कुशीनगर में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत     |   'मेरे खिलाफ ED के इस्तेमाल का दबाव', प्रियंक खड़गे का केंद्र पर आरोप     |   MP: देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचला     |   लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटते थे, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा, 2 को लगी गोली     |  

2017 से पहले होती थी वसूली, अब प्रदेश में हो रहा विकास और लोग हैं भयमुक्त : कीर्तिवर्धन सिंह

केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री और गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोंडा दौरे के दौरान प्रदेश में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने जिले को मिली विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार जताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ जितनी बार गोंडा आए हैं, उतनी बार किसी अन्य मुख्यमंत्री ने इस जिले की ओर पलटकर भी नहीं देखा। आज गोंडा में मेडिकल कॉलेज, पुल, बिजलीघर और बेहतर सड़क जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए कीर्तिवर्धन सिंह ने अवधी अंदाज में लोगों से पूछा, ''का हाल चाल हौ भाई सबके, मजा मा है सब जने?'' उनके इस अंदाज पर सभा में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोगों को 2014 से पहले और 2017 के बाद के हालात को याद रखना चाहिए। पहले बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। महिलाओं को असुरक्षा के कारण घर से बाहर निकलने में भी डर लगता था। उस समय सरकार के नाम पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के नाम पर माफिया का राज था।

पहले होती थी वसूली, अब लोगों को मिल रहा विकास का लाभ

केंद्रीय मंत्री ने पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार के समय वसूली और माफिया का दबदबा था। वहीं, बसपा सरकार में प्रधान, बीडीसी और ब्लॉक प्रमुखों से भी वसूली की जाती थी। उन्होंने कहा कि लोगों को यह पुराना दौर याद रखना चाहिए, जब बहन जी के जन्मदिन के नाम पर भी पैसे मांगे जाते थे।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 18 साल की उम्र में पहुंचे नए मतदाताओं के सामने लंबा भविष्य है। उन्हें यह समझना चाहिए कि पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार और माफिया राज के कारण आम लोगों को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

बिजली, सड़क और राशन की सुविधाओं में आया बदलाव

कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि पहले गांवों में बिजली की स्थिति बेहद खराब थी। सप्ताह में कभी रात तो कभी दिन में कुछ घंटे ही बिजली मिलती थी। लोगों को यह भी पता नहीं होता था कि बिजली कब आएगी। आज गांव-गांव में बिजली पहुंच रही है। किसान बिजली से पंप चलाकर अपने खेतों की सिंचाई कर रहे हैं और डीजल के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ता।

उन्होंने कहा कि आज गांवों में बिजली की सुविधा का असर लोगों के जीवन स्तर पर भी दिखाई देता है। घरों में एसी, वाशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ा है। पहले राशन के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता था, लेकिन अब राशन की दुकानों पर अंगूठा लगाते ही पात्र लोगों को उनका राशन मिल रहा है और यह सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए खुल रहे अवसर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले महिलाएं सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं और उन्हें घर से बाहर भेजने में परिवार डरता था। आज परिस्थितियां बदल गई हैं। सरकार ने स्वयं सहायता समूहों और समूह सखियों के माध्यम से महिलाओं के लिए कमाई और आत्मनिर्भर बनने के नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और परिवार की आमदनी में भी योगदान दे रही हैं।

सीएम योगी ने गोंडा को दी नई पहचान

कीर्तिवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने बार-बार गोंडा आकर जिले की समस्याओं और विकास की जरूरतों पर ध्यान दिया है। आज यहां मेडिकल कॉलेज, पुल और बड़े बिजलीघर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री गोंडा की जनता को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं।

उन्होंने कहा कि यह छपिया की ऐतिहासिक धरती है और गोंडा क्रांतिकारियों तथा वीर सेनानियों का जिला रहा है। यहां महाराजा देवी बख्श सिंह जैसे वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का गौरवशाली इतिहास जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज का नाम महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर रखकर उनके योगदान को सम्मान दिया है। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे चुनाव के समय इन बदलावों और विकास कार्यों को जरूर याद रखें। उनके संबोधन के दौरान सभा में लगातार जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे।