दीपोत्सव-2026 में रामनगरी अयोध्या दीपों की रोशनी के साथ रामायण की भव्य झलक से भी सजेगी। अयोध्या के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक रामायण की थीम पर आकर्षक सजावट की जाएगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार सजावटी द्वार, वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट, राम रथ, पुष्पक विमान और विभिन्न कलात्मक स्थापनाएं श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स भी लगाए जाएंगे।
6 से 8 नवंबर तक होंगे आयोजन
दीपोत्सव-2026 के तहत अयोध्या में 6 से 8 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य दीपोत्सव 7 नवंबर को होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। ये वे-फाइंडर प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों के आसपास लगाए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आयोजन स्थलों तक पहुंचने में आसानी हो।
रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर बनेंगे 20 सेल्फी प्वाइंट
दीपोत्सव में आने वाले लोगों के लिए रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। इन सभी की थीम और डिजाइन अलग-अलग होगी।
इन इंस्टॉलेशन में अयोध्या और दीपोत्सव की झलक कलात्मक अंदाज में दिखाई जाएगी। त्रि-आयामी कलाकृतियों के जरिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को खास अनुभव देने की तैयारी है। लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी जाने वाले मार्ग पर भी आकर्षक आर्ट इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे।
नए रूप में नजर आएगा रामकथा मंच
रामकथा पार्क का स्थायी मंच दीपोत्सव में नए रूप में नजर आएगा। यहां ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, थीम आधारित रंगीन कपड़े, पुष्प सज्जा और रंगोली का इस्तेमाल किया जाएगा। रामकथा पार्क के प्रवेश और निकास पर सजावटी द्वार भी बनाए जाएंगे। इन द्वारों की डिजाइन भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों पर आधारित होगी।
प्रमुख मार्गों पर बनेंगे 10 भव्य द्वार
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के प्रमुख प्रवेश मार्गों और धर्म पथ पर 10 भव्य द्वार बनाए जाएंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले मार्गों के साथ धर्म पथ पर इन द्वारों को तैयार किया जाएगा। हर द्वार की डिजाइन और सजावट अलग होगी। रोशनी और रामायण की थीम से सजे ये द्वार श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचते ही दीपोत्सव की भव्यता का अहसास कराएंगे।
पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे खास आकर्षण
राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही रामायण की कथा को दर्शाने के लिए राम रथ और झांकी भी बनाई जाएगी। राम की पैड़ी के पास राम दरबार की भव्य प्रस्तुति होगी। वहीं रामकथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। सरयू और राम की पैड़ी पर लगाए जाने वाले फ्लोटर्स भी लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे। प्रमुख मार्गों पर फ्लैग पोल लगाकर आयोजन की भव्यता बढ़ाई जाएगी।
रामायण के प्रसंगों से सजेगी अयोध्या
अयोध्या के प्रमुख मार्गों के किनारे रामायण के अलग-अलग कांड और प्रसंग भी आकर्षक स्थापनाओं के जरिए दिखाए जाएंगे। इनमें लंका कांड समेत रामायण के प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
‘अविस्मरणीय होगी दीपोत्सव की आभा’
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नए रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। रामायण थीम पर सजावट, कलात्मक स्थापनाएं और प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रामनगरी का दिव्य और भव्य स्वरूप दिखाएंगी।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि इस बार अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। रामायण थीम पर तैयार सजावटी द्वार, सेल्फी प्वाइंट और प्रकाश सज्जा दीपोत्सव के प्रमुख आकर्षण होंगे।