सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की तबीयत में अब काफी सुधार बताया जा रहा है। उनके सहयोगियों के मुताबिक, डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और उनकी हालत स्थिर है। उन्हें अगले एक-दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। हालांकि, आज ही उन्हें डिस्चार्ज किए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अन्ना हजारे को वायरल फीवर, कमजोरी और किडनी में संक्रमण की शिकायत के बाद महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि से मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार जांच कर रही है।
अन्ना हजारे के सभी स्वास्थ्य पैरामीटर स्थिर हैं। उनकी हालत में सुधार हो रहा है और वह सामान्य रूप से भोजन भी कर रहे हैं। डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं और सुधार जारी रहने पर जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। अन्ना हजारे की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आने के बाद कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत अन्य नेताओं ने अस्पताल जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल अन्ना हजारे की स्थिति को लेकर उनके सहयोगियों और डॉक्टरों की ओर से सकारात्मक जानकारी सामने आई है। हालांकि, डिस्चार्ज की अंतिम तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।