अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमलों के बीच कई देशों ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं, जिसके चलते दुनियाभर की उड़ानें प्रभावित हो रही है. एअर इंडिया ने कहा है कि वो वेस्ट एशिया में उपलब्ध एयरस्पेस में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर नॉर्थ अमेरिका और यूरोप के लिए अपनी उड़ानें संचालित करेगी.
एयरलाइंस ने बताया कि आज सोमवार (2 मार्च) को यूरोप के कईं शहरों के लिए छह उड़ानें रद्द रहेंगी. विमानन कंपनी ने रविवार को 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कीं. उन्होंने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, इजरायल और कतर आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनट तक (भारतीय समानुसार) निलंबित रहेंगी.
विमानन कंपनी ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अमृतसर-बर्मिंघम (एआई 117) और बर्मिंघम-दिल्ली (एआई 114) समेत 6 उड़ानें सोमवार को रद्द रहेंगी. इसके अलावा दिल्ली और ज्यूरिख के बीच एआई 151 और एआई 152 उड़ानें, साथ ही दिल्ली और कोपेनहेगन के बीच एआई 157 और एआई 158 उड़ानें भी सोमवार को रद्द रहेंगी.
एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी. प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड संपर्क नंबर पर आवश्यक जानकारी भेजी जा रही है. एयरलाइन री-बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था में भी सहायता दे रही है. यात्रियों से अपील की गई है कि वो अपनी फ्लाइट की लेटेस्ट जानकारी जानने के लिए एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें या 24×7 कॉल सेंटर से संपर्क करें. कंपनी ने साफ किया है कि क्षेत्र के हालात की लगातार समीक्षा जारी रहेगी और आवश्यक अपडेट समय-समय पर दिए जाते रहेंगे.
इंडिगो एयरलाइंस ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मिडिल ईस्ट और इसके आसपास के क्षेत्रों में चल रही स्थिति पर गहरी निगरानी की जा रही है. हमें पता है कि इस समय अनेक यात्री असुविधाओं का सामना कर रहे हैं और हम यह आश्वासन देना चाहते हैं कि हर फैसला सोच-समझकर और सुरक्षित तरीके से लिया जा रहा है.