अमरनाथ यात्रा के दौरान शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर एक सड़क हादसे में पांच श्रद्धालु घायल हो गए। यह दुर्घटना उधमपुर के समरोली क्षेत्र स्थित तोलड़ी नाला के पास हुई। श्रद्धालु अर्टिगा कार में सवार होकर जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पहलगाम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार NH-44 की दीवार से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन, गोरखा 4/3, सिविल डिफेंस, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल, उधमपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल श्रद्धालुओं में सीमा गुप्ता को गंभीर चोटें आई हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
इस बीच, अमरनाथ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सीआरपीएफ की टीमें लगातार रोड ओपनिंग पार्टी (ROP) अभियान चला रही हैं, ताकि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित रहे। इसके अलावा, रामबन जिले के चंदरकोट में सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन ने एक मोबाइल हेल्थ कैंप भी स्थापित किया है, जहां श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को 24 घंटे चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आधुनिक लाइफ सेविंग एम्बुलेंस, जरूरी दवाइयों और मेडिकल टीम की मदद से यात्रियों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर संतोष जताया है।