Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

काशी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ देखने उमड़ा महाकुंभ जैसा जनसैलाब, वायुसेना के शौर्य का बना गवाह

वाराणसी में रविवार को ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के अंतिम दिन गंगा के दोनों तटों पर लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। नमो घाट से लेकर आसपास के घाटों, सड़कों और मकानों की छतों तक दर्शकों की भीड़ नजर आई। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की तेज रफ्तार, शानदार उड़ान और हैरतअंगेज करतब देखने के लिए लोग घंटों तक डटे रहे। गंगा के दोनों किनारों पर तिरंगा थामे लोगों की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय एयर शो के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने गंगा के ऊपर आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन देखा।

महाकुंभ जैसा नजारा, घाटों से छतों तक जुटे दर्शक

रविवार को वाराणसी में गंगा के दोनों तटों पर उमड़ी भीड़ ने विशाल जनसमागम का नजारा पेश किया। नमो घाट के अलावा आसपास के घाटों और सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ रही। मकानों की छतों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने एयर शो का आनंद लिया। लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनते ही दर्शकों की निगाहें आसमान पर टिक जाती थीं। विमानों के रोमांचक करतब देखकर लोगों ने उत्साह जताया। कई दर्शक हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय वायुसेना के पराक्रम का साक्षी बने।

तेज धूप और गर्मी भी नहीं रोक सकी लोगों का उत्साह

एयर शो को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि तेज धूप और गर्मी भी उन्हें पीछे नहीं हटा सकी। कोई गमछे से सिर ढककर तो कोई टोपी और छाते के सहारे घंटों तक कार्यक्रम देखता रहा। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने भी विमानों की तेज रफ्तार और शानदार कलाबाजियों का आनंद लिया। पूरे क्षेत्र में रोमांच और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

योगी सरकार ने सुरक्षा और सुविधाओं के किए व्यापक इंतजाम

एयर शो में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए घाटों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया था। प्रवेश मार्गों और पार्किंग स्थलों को निर्धारित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी। जरूरत के अनुसार अस्थायी थाने भी बनाए गए थे।

दर्शकों की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा सेवाओं, मोबाइल शौचालय और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता तेजी से पहुंचाई जा सके।

अलग-अलग ट्रैफिक प्लान से संभाली गई आवाजाही

एयर शो के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम रखने के लिए अलग-अलग ट्रैफिक प्लान लागू किए गए थे। यातायात व्यवस्था को आंतरिक और बाहरी हिस्सों में बांटकर डायवर्जन, बैरियर और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि दर्शकों की आवाजाही के साथ शहर का यातायात सुचारु बना रहे।

इस तरह वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ के अंतिम दिन भारतीय वायुसेना के शौर्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। गंगा के दोनों तटों पर उमड़ी भीड़, आसमान में विमानों के करतब और तिरंगों के बीच काशी में देशभक्ति का खास माहौल देखने को मिला।