Breaking News

महुआ मोइत्रा के भेदभाव के आरोपों को अल्पसंख्यक आयोग ने किया खारिज     |   मुंबई क्राइम ब्रांच का एक्शन, गोवंडी में 2.53 करोड़ की नशीली गोलियां जब्त     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी को सराहा, बोले- दुनिया 'Made in India' प्लेन की चर्चा भी करेगी     |   RBI का रेपो रेट पर बड़ा बदलाव, 5.25 से बढ़ाकर 5.50% किया     |   केरल: कोऑपरेटिव सोसाइटी फ्रॉड केस में ED की रेड, 20 ठिकानों पर छापेमारी     |  

दिल्ली में डेंगू के 98 नए मामले, इस साल अब तक 695 केस, मलेरिया के भी बढ़े मरीज

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में डेंगू के 98 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही 2026 में अब तक दिल्ली में डेंगू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 695 हो गई है।

दिल्ली नगर निगम (MCD) की साप्ताहिक रिपोर्ट के मुताबिक, 3 अक्टूबर को खत्म हुए सप्ताह में डेंगू के 98 और मलेरिया के 23 नए मामले दर्ज किए गए। इस साल अब तक मलेरिया के कुल 266 मामले सामने आ चुके हैं।

सितंबर में सबसे ज्यादा डेंगू के मामले

रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर में दिल्ली में डेंगू के सबसे ज्यादा 286 मामले सामने आए थे। इसी महीने मलेरिया के भी 124 मामले दर्ज किए गए। यह 2026 में इन दोनों बीमारियों के किसी एक महीने में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इससे पहले अगस्त में डेंगू के 90 और मलेरिया के 53 मामले सामने आए थे। MCD के मुताबिक, 2026 में अब तक दिल्ली में डेंगू या मलेरिया से किसी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है।

चिकनगुनिया के भी नए मामले

दिल्ली में अक्टूबर के पहले सप्ताह में चिकनगुनिया के दो नए मामले सामने आए हैं। अगस्त में चिकनगुनिया के आठ और सितंबर में पांच मामले दर्ज किए गए थे। नए मामलों के साथ इस साल अब तक चिकनगुनिया के कुल 29 मामले सामने आ चुके हैं। इस बीमारी से भी अब तक किसी की मौत नहीं हुई है। मच्छर जनित बीमारियों को रोकने के लिए MCD की ओर से दिल्ली के रिहायशी इलाकों में लगातार मच्छर नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस साल अब तक कर्मचारियों ने 3.18 करोड़ से ज्यादा बार घरों का सर्वेक्षण किया है। इस दौरान 1.89 लाख से अधिक घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया। निगम ने मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए कार्रवाई करते हुए 1,32,172 कानूनी नोटिस जारी किए हैं। वहीं, 20,882 चालान भी किए गए हैं। MCD ने इस साल अब तक जुर्माने के तौर पर 29.70 लाख रुपये की वसूली की है।