कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिण तालुक स्थित मदापट्टना में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पत्थर की खदान में काम के दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से एक विशाल चट्टान गिरने से बिहार के 7 दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, हादसे के समय मजदूर रोज़ाना की तरह खदान में पत्थर निकालने का काम कर रहे थे। तभी अचानक एक बड़ी चट्टान गिर गई और कई मजदूर उसके नीचे दब गए। राहत और बचाव दल तथा पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाकर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के समय वहां मौजूद एक मजदूर ने बताया कि खदान में करीब 18 मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक लगभग 40 फीट की ऊंचाई से चट्टान गिर गई। पुलिस ने पुष्टि की है कि इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी 7 मजदूर बिहार के रहने वाले थे। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि खदान मालिकों की जिम्मेदारी है कि वे मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना देने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।