Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

योगी सरकार की पहल: सरकारी अस्पतालों में इस्तेमाल होंगे यूपी के बुनकरों के उत्पाद, बढ़ेगी आय

योगी सरकार प्रदेश के स्थानीय बुनकरों और कारीगरों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठा रही है। इसी क्रम में अब उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में बेडशीट, पिलो कवर, गॉज और बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड और यूपिका के माध्यम से कराने की तैयारी है। इस पहल से स्थानीय बुनकरों और बुनकर सहकारी समितियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी बाजार मिलने की उम्मीद है। साथ ही, सरकारी अस्पतालों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जरूरी उत्पाद उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।

मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को दिए निर्देश

इस संबंध में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने बुधवार को विधान भवन में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और हथकरघा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अस्पतालों के लिए हथकरघा उत्पादों की खरीद, गुणवत्ता मानकों और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरी प्रक्रियाओं पर चर्चा हुई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) और समझौता ज्ञापन (MoU) तैयार करने का काम जल्द पूरा किया जाए।

बुनकरों को मिलेगा बड़ा बाजार, रोजगार को भी बढ़ावा

योगी सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के बुनकरों और सहकारी समितियों को सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ना है। अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले कपड़े और अन्य जरूरी उत्पादों की नियमित मांग से स्थानीय बुनकरों को अपने उत्पाद बेचने के नए अवसर मिल सकते हैं।

इस व्यवस्था से बुनकरों के काम में निरंतरता आने, उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही अस्पतालों को भी निर्धारित गुणवत्ता के उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

उत्पादों के नमूने और गुणवत्ता मानक होंगे तय

मंत्री राकेश सचान ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली बेडशीट, पिलो कवर, गॉज और बैंडेज क्लॉथ के मौजूदा मानक और नमूने जल्द उपलब्ध कराए जाएं। इनके आधार पर राज्य हथकरघा निगम और यूपिका नए नमूने तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपेंगे।

उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने को कहा। इसका उद्देश्य अस्पतालों की जरूरतों के अनुसार उत्पादों की उपलब्धता और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

GeM पोर्टल के जरिए खरीद व्यवस्था पर जोर

बैठक में सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर राज्य सरकार के निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जरूरी प्रक्रियाओं को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर सहित राज्य हथकरघा निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अस्पतालों के प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे। इस पहल के जरिए योगी सरकार स्थानीय बुनकरों को सरकारी खरीद से जोड़ने और उनके उत्पादों के लिए नए बाजार तैयार करने की दिशा में प्रयास कर रही है।