Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

योगी सरकार का बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर जोर, बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत तेज हुए काम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था को आधुनिक और भरोसेमंद बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में बिजली उपकेंद्रों को मजबूत करने, केबल बिछाने और विद्युत ढांचे को बेहतर बनाने का कार्य जारी है। इसका उद्देश्य बिजली वितरण प्रणाली की क्षमता बढ़ाना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की टीमें प्रदेशभर में बिजली लाइनों और उपकरणों के रखरखाव में जुटी हैं। इसके लिए रात के समय भी मेंटेनेंस का काम किया जा रहा है, ताकि विद्युत नेटवर्क को दुरुस्त रखने और बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिल सके।

पांचों डिस्कॉम में बिजली नेटवर्क सुधारने पर जोर

पूर्वांचल, पश्चिमांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल और केस्को के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों में बिजली विभाग की टीमें सक्रिय हैं। बिजली लाइनों और उपकरणों की जांच, मरम्मत और जरूरी रखरखाव के जरिए वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

इसके साथ ही बिजली अधिकारियों की ओर से विभिन्न उपकेंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारी आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दे रहे हैं। विद्युत उपकरणों के रखरखाव और नेटवर्क को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आरडीएसएस योजना से मजबूत होगा विद्युत ढांचा

प्रदेश में बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भी काम किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से बिजली वितरण से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने पर जोर है।

बिजनेस प्लान 2026-27 और आरडीएसएस के तहत उपकेंद्रों के सुदृढ़ीकरण, केबल बिछाने और बिजली वितरण नेटवर्क में सुधार के कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से विद्युत व्यवस्था की क्षमता और विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील

बिजली विभाग की टीमें फोन के माध्यम से उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील भी कर रही हैं। विभाग के अनुसार, नियमित बिल भुगतान से बिजली व्यवस्था के संचालन और रखरखाव में सहयोग मिलता है।

सुरक्षित और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति प्राथमिकता

यूपीपीसीएल के एमडी नीतीश कुमार ने कहा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़, आधुनिक और भरोसेमंद बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बिजनेस प्लान 2026-27 और आरडीएसएस योजना के तहत उपकेंद्रों के सुदृढ़ीकरण, केबल बिछाने और वितरण नेटवर्क को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विभागीय टीमें प्रदेशभर में बिजली लाइनों और उपकरणों के रखरखाव में जुटी हैं। सरकार और विभाग का लक्ष्य विद्युत ढांचे को आधुनिक बनाकर उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुचारु और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।