मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चरगांवा के सेमरा में 8.05 करोड़ रुपये की लागत से बने 100 बेड के राजकीय महिला शरणालय का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने शरणालय का निरीक्षण कर वहां रह रही महिलाओं से मुलाकात की और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि घर छोड़ने को मजबूर किसी बेटी या घरेलू हिंसा की शिकार महिला को अब सहारे के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यह शरणालय ऐसी महिलाओं और परिवार से बिछड़ी बेटियों व बुजुर्ग महिलाओं के लिए सहारा बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा देने के साथ उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “आप गिनते जाइए, हम नौकरी बांटते जाएंगे। आप गिनते-गिनते थक जाएंगे, हम यूपी के नौजवानों को नौकरी देते-देते नहीं थकेंगे।”
बेटी के जन्म से स्वावलंबन तक सरकार की योजनाएं
सीएम योगी ने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई, विवाह, सुरक्षा और स्वावलंबन तक सरकार उसके साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत जन्म से स्नातक तक बेटी के लिए 25 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक लाख रुपये की व्यवस्था का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 1.60 करोड़ बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते-मोजे और स्वेटर की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि 1.10 करोड़ परिवारों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन और प्रदेश में 65 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिए गए हैं।
महिला सुरक्षा को लेकर सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर महिला सुरक्षा को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में ऐसी स्थिति थी कि “देख सपाई, बिटिया घबराई” जैसी कहावत चल पड़ी थी।
उन्होंने दावा किया कि उस समय बेटियों की पढ़ाई और सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे और गुंडागर्दी, जमीन पर कब्जे तथा अराजकता का माहौल था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू, दंगा, भय, गुंडागर्दी और कब्जे से मुक्त है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों को सरकार चार हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता दे रही है। ऐसे बच्चों को पढ़ाई में मदद के लिए लैपटॉप भी उपलब्ध कराए गए हैं।
साढ़े नौ लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मिशन रोजगार के तहत अब तक साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 96 लाख MSME इकाइयों के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में इन इकाइयों का संचालन महिलाएं कर रही हैं। उन्होंने 24 हजार से अधिक स्टार्टअप का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश का युवा अब नौकरी लेने के साथ नौकरी देने वाला भी बन रहा है। मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों पर भी किया दावा
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी। उन्होंने कहा कि अकेले बीआरडी मेडिकल कॉलेज में करीब 500 बच्चों की मौत होती थी, जबकि सरकार के प्रयासों से अब मौतों का आंकड़ा शून्य पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क के कारण वाराणसी की यात्रा अब करीब ढाई घंटे में पूरी हो रही है।
निराश्रित महिलाओं को मिलेगा आश्रय
मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू हिंसा की शिकार महिला हो या किसी कारण परिवार से बिछड़ी बेटी, बहन या बुजुर्ग महिला, यह शरणालय उनके लिए सहारा बनेगा। उन्होंने शरणालय में रह रही एक बुजुर्ग महिला का भी उल्लेख किया, जो बोल नहीं पा रही हैं और जिनके घर-पते की जानकारी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों का सहारा सरकार बनती है और उन्हें उनके वैधानिक अभिभावकों से मिलाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने महिला कल्याण विभाग से शरणालय का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 10 लाभार्थियों को लैपटॉप दिए गए। इनमें अक्षिता गुप्ता, पलक चौहान, दीपिका, प्रियांशी यादव, उमरा अंजुम, आयुषी यादव, सुधीर कुमार, प्रियांशु यादव, अनीश कुमार सिंह और रुद्र प्रताप रंजन शामिल रहे।
रवि किशन बोले- बहन-बेटियों के साथ खड़ी है सरकार
गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि निराश्रित बेटियों और महिलाओं को ठंड समेत मुश्किल परिस्थितियों में आश्रय देने के उद्देश्य से यह शरणालय बनाया गया है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में बदलाव आया है।
पिपराइच विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने युवाओं को रोजगार और बेटियों को सुरक्षा देने के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में गोरखपुर और कुशीनगर के सांसद, महापौर, विधायक, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष, भाजपा के पदाधिकारी, महिला कल्याण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।