Breaking News

गरबा किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं होना चाहिए: अमृता फडणवीस     |   हांगकांग के पहले पोस्ट-कोलोनियल नेता तुंग ची-ह्वा का 89 साल की उम्र में निधन     |   न्यूयॉर्क में Huawei पर रैकेटियरिंग का मुकदमा, कंपनी के खिलाफ सुनवाई शुरू     |   सीहोर में वॉटर फिल्ट्रेशन प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव, 4 लोग अस्पताल में एडमिट     |   गाजा में गोलीबारी में 2 लोगों की मौत, मृतकों में एक बच्चा भी शामिल     |  

राजस्थान की 39 जिलों की नगर निकायों में मतदान जारी, 57 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे 20 हजार से अधिक प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

राजस्थान के 39 जिलों की नगर निकायों में पहले चरण के तहत मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस चरण में 5,393 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए कुल 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव मैदान में उतरे 20,623 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य मतपेटी यानी ईवीएम में कैद होगा।

स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पहले चरण के लिए कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। मतदान के लिए वोटर आईडी कार्ड नहीं होने की स्थिति में मतदाता अन्य मान्य पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और पासपोर्ट शामिल हैं।

भीलवाड़ा जिले की नवगठित बीगोद नगर पालिका में भी मतदान जारी है। यहां 25 वार्डों में कुल 13,675 मतदाता 83 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 25 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सुरक्षा बलों की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है। सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन समय बीतने के साथ वोटिंग में तेजी देखने को मिल रही है।

जयपुर जिले की 18 नगर निकायों में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर संदेश नायक लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। कलेक्टर ने वाटिका नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा किया और वहां सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम की कार्यप्रणाली और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अजमेर जिले की छह नगर पालिकाओं—केकड़ी, सरवाड़, नसीराबाद, टांटोटी, सावर और पीसांगन में भी सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। बुजुर्गों और महिलाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। अजमेर जिले में कुल 86,013 मतदाता 471 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। यहां भी मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। राजस्थान के अलग-अलग जिलों में मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। अब सभी की नजर मतदान प्रतिशत और दिनभर सामने आने वाले स्थानीय चुनावी अपडेट्स पर है।