तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले की तिरुचिरापल्ली ईस्ट, तिरुचिरापल्ली वेस्ट, थिरुवेरुंबुर, मनप्परई और श्रीरंगम विधानसभा सीटों के लिए पोस्टल वोटों की गिनती सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हो गई। तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) प्रमुख और अभिनेता विजय भी चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे उनके प्रदर्शन और पार्टी के राजनीतिक डेब्यू पर सबकी नजरें टिकी हैं।
टीवीके इस चुनाव में अकेले मैदान में है, जबकि एआईएडीएमके के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन भाजपा के साथ चुनाव लड़ रहा है। वहीं डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन कांग्रेस के साथ मिलकर सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है। कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव अधिकारियों ने सुबह से ही मतगणना प्रक्रिया शुरू कर दी। अन्ना अरिवालयम से आए दृश्यों में डीएमके कार्यकर्ता नतीजों की शुरुआत को लेकर उत्सुक नजर आए।
तिरुचिरापल्ली ईस्ट में विजय का मुकाबला डीएमके के एस इनिगो इरुदयाराज और एआईएडीएमके के जी राजशेखरन से है। वहीं तिरुचिरापल्ली वेस्ट में डीएमके के केएन नेहरू अपनी सीट बचाने के लिए टीवीके के जी राममूर्ति से मुकाबला कर रहे हैं। क्वीन मैरी कॉलेज काउंटिंग सेंटर पर भी पोस्टल वोटों की गिनती शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में डीएमके बढ़त बनाती दिख रही है। चेपॉक-त्रिप्लिकेन में डीएमके को 21, एआईएडीएमके को 7 और टीवीके को 6 पोस्टल वोट मिले हैं। हार्बर में डीएमके को 19, एआईएडीएमके को 7 और टीवीके को 9 वोट मिले हैं। आरके नगर में डीएमके को 22, एआईएडीएमके को 7 और टीवीके को 11 वोट मिले हैं।
रॉयापुरम में डीएमके को 10, एआईएडीएमके को 7 और टीवीके को 6 वोट मिले हैं, जबकि थिरुविकानगर में डीएमके को 9, एआईएडीएमके को 5 और टीवीके को 10 वोट मिले हैं। एग्जिट पोल के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट नजर आ रही है, जहां डीएमके गठबंधन के सत्ता में वापसी की संभावना जताई जा रही है। यह चुनाव असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी के साथ हुए मतदान का हिस्सा है, जिनके नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं।