उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में यमुना नगर के मेजा थाना अंतर्गत प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात बस और एसयूवी की आमने-सामने की टक्कर होने से कार में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि पीड़ित छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के श्रद्धालु थे जो महाकुंभ में स्नान करने जा रहे थे, तभी राजमार्ग पर बोलेरो की बस से आमने-सामने टक्कर हो गई।
डीसीपी ने बताया कि दुर्घटना में बोलेरो सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। मृतकों में से चार की पहचान उनके आधार कार्ड के आधार पर की गई, जबकि छह की पहचान उनके रिश्तेदारों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर की गई। मृतकों में सोमनाथ (28), ईश्वरी प्रसाद जयसवाल (56), भागीरथी जयसवाल (43), संतोष सोनी (55), सौरभ सोनी, अजय बंजारे, गंगा दास वर्मा, शिवा राजपूत (60), दीपक वर्मा और राजू साहू शामिल हैं।
डीसीपी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेज दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोकसंतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।’’