Breaking News

ओडिशा में 8 जगह पर तापमान 40 डिग्री के पार     |   AAP का व्हिप जारी, राज्यसभा सांसदों को 3 दिन तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश     |   अलकायदा मॉड्यूल के तीन आतंकी को उम्रकैद की सजा, NIA कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय टैंकरों से टोल लेने की बात से इनकार किया     |   IPL 2026: राजस्थान ने जीता टॉस, हैदराबाद को दिया पहले बैटिंग का न्योता     |  

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता का हुआ निधन, जोधपुर एम्स में थे भर्ती

Rajasthan: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का मंगलवार को एम्स-जोधपुर में निधन हो गया। अस्पताल के अधिकारियों ने ये जानकारी दी। उनका अंतिम संस्कार शाम को जोधपुर में किया गया। पिछले कुछ दिनों से दाऊलाल वैष्णव गंभीर रूप से बीमार थे और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-जोधपुर में उनका इलाज चल रहा था। 

अस्पताल ने एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "बहुत दुख के साथ आपको सूचित करना पड़ रहा है कि रेलमंत्री के पिता, दाऊलाल वैष्णव का आठ जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजकर 52 म‍िनट पर एम्स-जोधपुर में निधन हो गया।" अस्पताल प्रशासन ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। 

दाऊलाल वैष्णव के पार्थिव शरीर को जोधपुर के महावीर नगर, रातानाडा स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया जहां पाली से सांसद पीपी चौधरी, राज्यसभा सदस्य राजेंद्र गहलोत व कई अन्य जनप्रतिनिधियों और बीजेपी नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। उनका अंतिम संस्कार नागौरी गेट के पास कागा श्मशान घाट पर किया गया जहां अश्विनी वैष्णव और उनके भाई आनंद वैष्णव ने चिता को मुखाग्नि दी। 

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित अन्य नेताओं ने केंद्रीय मंत्री के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि दाऊलाल अपने गांव में सरपंच रहे और जोधपुर में वकील के रूप में भी काम करते थे। वे सामाजिक रूप से भी सक्रिय रहे थे।