उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। राज्य का निर्यात पिछले 10 वर्षों में करीब 2.27 गुना बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इसमें भदोही के हस्तनिर्मित कालीन उद्योग की बड़ी भूमिका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वह भदोही में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले 'इंडिया कारपेट एक्सपो' के स्वर्ण जयंती संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से भी संवाद करेंगे।
भदोही के कालीनों की दुनियाभर में बढ़ी मांग
सीएम योगी ने कहा कि भदोही की प्रतिभा और कारीगरों के हुनर को अब विकास, बाजार और नए अवसरों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भदोही के हस्तनिर्मित कालीनों की मांग आज दुनियाभर में काफी अधिक है और इससे उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि जो कारीगर अपने हुनर से भदोही के कालीनों को दुनिया तक पहुंचाते रहे, उन्हें 2017 से पहले बुनियादी सुविधाओं और अवसरों के लिए इंतजार करना पड़ता था। अब डबल इंजन सरकार उनके हुनर को विकास और वैश्विक बाजार से जोड़ रही है।
भदोही को मिलेंगी 1,340 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि इंडिया कारपेट एक्सपो के मौके पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि कारीगरों के हुनर का सम्मान, कारोबार का विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार और भदोही की समृद्धि नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के मेल की पहचान बन रही है।