Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

हिमाचल में निर्माणाधीन ट्रस ब्रिज गिरा, कई मजदूर घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शिमला-मटौर फोरलेन कॉरिडोर पर निर्माणाधीन ट्रस ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया। हादसा मसियाणा के पास हथली खड्ड पर हुआ, जिसमें कई मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

नायब तहसीलदार जगदीश चंद ने बताया कि पुल पर NHAI के कर्मचारी काम कर रहे थे। हादसे में घायल दो मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। बाकी मजदूरों को निकालने की कोशिश जारी है।

उन्होंने बताया कि घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई। मजदूर क्रेन की मदद से स्टील के स्पैन को आगे बढ़ा रहे थे, तभी पुल का हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे की सटीक वजह की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

लॉन्चिंग के दौरान हुआ हादसा

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुताबिक, निर्माणाधीन हमीरपुर बाईपास (NH-103) परियोजना के तहत 90 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज की लॉन्चिंग का काम चल रहा था। यह परियोजना शिमला-मटौर कॉरिडोर का हिस्सा है।

NHAI ने बताया कि पुल को ‘इंक्रीमेंटल लॉन्चिंग’ यानी पुशिंग मेथड से आगे बढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान लॉन्चिंग नोज को पियर कैप के ऊपर रखा गया था, तभी यह अचानक मैकेनिकल फेलियर के कारण गिर गया और ट्रस स्ट्रक्चर नीचे आ गया।

NHAI ने स्पष्ट किया कि पुल के पियर्स को कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्राधिकरण के अनुसार, हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए हमीरपुर के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य के साथ मलबा हटाने का काम जारी है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।