Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

‘वोट सनातन का चाहिए, समर्थन तुष्टीकरण का करेंगे’, ब्रजेश पाठक का सपा पर तीखा हमला

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और उसके सांसद सनातन पांडेय के बयान को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करती है और कभी भी भगवान राम या सनातन संस्कृति की हितैषी नहीं हो सकती। सपा का पूरा इतिहास सनातन विरोधी रहा है।

निहत्थे कार सेवकों पर गोली चलाना अस्वीकार्य

ब्रजेश पाठक ने 1990 में कार सेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए कहा कि निहत्थे कार सेवकों पर गोलियां चलवाना सनातन संस्कृति और मानवता के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा राम विरोधी रही है।

डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि सपा हिंदुओं का वोट और सनातन संस्कृति का समर्थन हासिल करना चाहती है, लेकिन दूसरी ओर तुष्टीकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सपा भगवान राम की शरण में जाने का दिखावा करती है, जबकि उसके आदर्श बाबर और अली हैं। एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए पार्टी बार-बार हिंदुओं को अपमानित करने वाली बयानबाजी करती है।

समाजवादी पार्टी को जनता कभी माफ नहीं करेगी

ब्रजेश पाठक ने कहा कि सनातन संस्कृति और देश की जनता समाजवादी पार्टी के इस दोहरे चरित्र को कभी माफ नहीं करेगी। प्रदेश की जागरूक जनता सपा की राजनीतिक चालों को समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

दरअसल, समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने हाल ही में बयान दिया था कि 1990 में कार सेवकों पर गोली चलाना सही फैसला था। उन्होंने कहा था कि अगर गोली नहीं चलाई जाती तो गृह युद्ध हो सकता था। इसी बयान पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा पर निशाना साधा है।