प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी कांग्रेस की गिरती राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन इसके नाम पर किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना उचित नहीं है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद और राजनीतिक विरोध स्वाभाविक हैं। हालांकि, विरोध के दौरान मर्यादा बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का राजनीतिक इतिहास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यक्तिगत टिप्पणियों और उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर कटाक्ष करने से भरा रहा है।
जनहित के मुद्दों से भटक रही कांग्रेस: पाठक
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कभी प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर टिप्पणी की गई, तो कभी उनकी साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति जनहित के मुद्दों से हटकर व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित होती जा रही है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे ऊपर है और उसका फैसला ही अंतिम होता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की ऐसी राजनीति से जनता नाराज है और आगामी चुनावों में कांग्रेस तथा उसके नेताओं को फिर सबक सिखाएगी।