Breaking News

जापान के होन्शू इलाके के पूर्वी तट के पास 6 तीव्रता का भूकंप आया     |   G-7 समिट में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी फ्रांस के एवान शहर पहुंचे     |   J-K: राजौरी के नौशेरा सेक्टर में LoC के पास माइन ब्लास्ट, सेना के 3 जवान घायल     |   चीन के चिंगहाई में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया     |   भवानीपुर की हार को ममता बनर्जी ने किया चेलैंज, कलकत्ता हाईकोर्ट में दायर की याचिका     |  

इंदौर में मंदिर ट्रस्टी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी हिरासत में

मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार सुबह एक मंदिर ट्रस्टी की कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कैलाश मोदी (71) के रूप में हुई है, जो अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के गुरुनानक कॉलोनी स्थित बारह मठा मंदिर के ट्रस्टी और अध्यक्ष थे। आरोपी की पहचान मुकेश शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 6 बजे गुरुनानक कॉलोनी स्थित एक गुरुद्वारे के पास हुई। अन्नपूर्णा थाना प्रभारी गोपाल यादव ने बताया कि आरोपी मुकेश शर्मा और उसके तीन भाई पहले बारह मठा मंदिर परिसर में रहते थे। मुकेश को शराब की लत थी, जिसे लेकर उसका मंदिर ट्रस्टी कैलाश मोदी से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और मारपीट हो चुकी थी। पिछले वर्ष भी इसी तरह के विवाद को लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, लगातार विवाद के चलते मुकेश शर्मा को मंदिर परिसर में रहने से रोक दिया गया था। इसके बाद वह मंदिर के बाहर फुटपाथ पर रहने लगा और मजदूरी का काम करता था।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में रहता था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह जब कैलाश मोदी मंदिर पहुंचे तो वहां मौजूद मुकेश शर्मा से उनकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर डंडे से हमला कर दिया।

गोपाल यादव ने कहा, "बहस के बाद मुकेश शर्मा ने कैलाश मोदी पर डंडे से हमला किया और गुरुनानक कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे के पास उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।" पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।