तेलंगाना में एसएलबीसी सुरंग ढहने के बाद बचाव दल ने फंसे आठ मजदूरों को निकालने के लिए बुधवार को अभियान फिर से शुरू कर दिया। तेलंगाना के नगरकुरनूल जिले में शनिवार की सुबह श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा ढहने के बाद से वहां आठ मजदूर फंसे है, जिन्हें निकालने का काम जारी है।
हालांकि, गाद और पानी का लगातार आना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। भारतीय सेना, नौसेना, एनडीआरएफ, जीएसआई और दूसरी एजेंसियों के विशेषज्ञ मलबे को हटाने और फंसे हुए मजदूरों तक पहुंचने के लिए जीतोड़ कोशिश कर रही है। ये अभियान अभी भी जोखिम भरा बना हुआ है, क्योंकि बचावकर्मियों को अस्थिर संरचना और पानी और मलबे के निरंतर फ्लो के कारण लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारी बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए सभी जरूरी उपायों पर विचार कर रहे हैं, साथ ही इसमें शामिल कर्मियों की सुरक्षा भी पक्की कर रहे हैं। इस बीच, तेलंगाना के मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और जेपी समूह के संस्थापक जयप्रकाश गौड़ ने हालात का जायजा लेने और अधिकारियों के साथ चर्चा करने के लिए एसएलबीसी सुरंग की जगह का दौरा किया।