Breaking News

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: नगर परिषद की 47 सीट का रुझान, 15 पर BJP आगे     |   यूपी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS और 34 PCS अफसरों के तबादले     |   तेलंगाना: तड़के बेकाबू बस ने कई वाहनों और होटल को रौंदा, 1 की मौत     |   राजस्थान निकाय चुनाव: 309 सीटों के नतीजे जारी, 163 पर जीती बीजेपी     |   राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 92 सीटों पर बीजेपी की जीत, 58 पर कांग्रेस का कब्जा     |  

कोलकाता में राजभवन के पास TMC का प्रदर्शन, छेड़छाड़ मामलें में राज्यपाल के इस्तीफे की मांग

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को कोलकाता में राजभवन के पास प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। तख्तियां पकड़े टीएमसी प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गवर्नर हाउस की तरफ बढ़ने से रोक दिया।

विरोध में पश्चिम बंगाल कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रोफेसर एसोसिएशन (डब्ल्यूबीसीयूपीए) के सदस्य भी शामिल थे। पिछले हफ्ते राजभवन की एक महिला संविदा कर्मचारी ने पुलिस शिकायत में राज्यपाल पर उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था।

इस हफ्ते की शुरुआत में, पुलिस ने एक शास्त्रीय नर्तक की तरफ से दायर शिकायत के बारे में राज्य सचिवालय को रिपोर्ट भी सौंपी थी, जिसमें कहा गया कि बोस ने 2023 में नई दिल्ली के एक पॉश होटल में उसका यौन उत्पीड़न किया था। 

पूर्व राज्य पश्चिम बंगाल बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष और फिल्म निर्माता सुदेशना रॉय ने कहा, "मैं यहां महिलाओं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए आई हूं। वो किसी भी जांच की इजाजत नहीं दे रहे हैं क्योंकि उनका एक संवैधानिक पद है। लेकिन इस तरह का पद एक व्यक्ति के रूप में उन्हें आरोपों की जांच से बचने की गारंटी नहीं देता है।"

हालांकि, राज्यपाल ने अपने ऊपर लग रहे आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया।