उत्तर प्रदेश में ग्लोबल कनेक्टिविटी और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय बर्नार्ड पारमेलिन मंगलवार को करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पहुंचे।

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं आईआईडीसी दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद ने राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
स्विस कंपनी कर रही है एयरपोर्ट का विकास

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास स्विस कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की सहायक कंपनी द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का जेवर एयरपोर्ट दौरा दोनों पक्षों के बीच आर्थिक, तकनीकी और एविएशन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जेवर में विकसित हो रहा यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बेहतर वैश्विक हवाई संपर्क देने के साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक, कारोबारी और निवेश गतिविधियों को बढ़ावा देने की क्षमता रखता है।
एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा

राष्ट्रपति गाय बर्नार्ड पारमेलिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का दौरा एनआईए ऑफिस से शुरू हुआ। यहां अवनी बोर्ड रूम में एयरपोर्ट से संबंधित प्रेजेंटेशन दिया गया। राष्ट्रपति ने इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया। इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत के बीच लंच का आयोजन किया गया और ग्रुप फोटो हुआ। बाद में प्रतिनिधिमंडल दो हिस्सों में बंट गया।
राष्ट्रपति गाय बर्नार्ड पारमेलिन, उनकी पत्नी और कुछ अधिकारियों ने एयरसाइड तथा एटीसी टॉवर का निरीक्षण किया। वहीं प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन और बैगेज रिक्लेम समेत एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल करीब दो बजे एयरपोर्ट से रवाना हुआ।
एविएशन के साथ IT और इलेक्ट्रॉनिक्स में सहयोग की उम्मीद

करीब 65 सदस्यीय स्विस प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति की पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव और करीब 40 उद्योगपति शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में उद्योगपतियों की मौजूदगी से दौरे का महत्व केवल एयरपोर्ट निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा। इससे उत्तर प्रदेश और स्विट्जरलैंड के बीच संभावित आर्थिक और औद्योगिक सहयोग की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों और आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से प्रदेश में वैश्विक कंपनियों के लिए निवेश का माहौल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में स्विस राष्ट्रपति का जेवर दौरा एविएशन के साथ-साथ IT, इलेक्ट्रॉनिक्स, तकनीक और अन्य संबंधित क्षेत्रों में भविष्य के सहयोग और निवेश के नए अवसर खोल सकता है।