Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

Maharashtra: सुनेत्रा पवार चुनी गईं एनसीपी विधायक दल की नेता, राज्य को मिलेगी पहली महिला उप-मुख्यमंत्री

Maharashtra: राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार को उनके पति और उप-मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के तीन दिन बाद शनिवार को महाराष्ट्र में सर्वसम्मति से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक दल की नेता चुना गया।

सुनेत्रा पवार को आज राज्य की पहली महिला उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। एनसीपी विधायक दल की नेता के रूप में सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता दिलीप वालसे पाटिल ने किया और खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने इसका समर्थन किया।

दक्षिण मुंबई में विधान भवन परिसर के भूतल पर स्थित दिवंगत अजित पवार के कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई। बारामती में 28 जनवरी को हुई एक विमान दुर्घटना में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में उप-मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई।

बैठक के दौरान सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके छोटे बेटे जय भी इस अवसर पर मौजूद थे। विधान भवन परिसर में प्रवेश करते समय कई मंत्री और विधायक भावुक दिखाई दिए। लोक भवन ने पुष्टि की है कि सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह मुंबई में शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा।

सुनेत्रा पवार ने साल 2024 में बारामती से लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, उन्हें अपनी ननद और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की मौजूदा सांसद सुप्रिया सुले से पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं।