Breaking News

CBSE ने 12वीं क्लास का रिजल्ट घोषित किया     |   प्रतीक की बॉडी पर चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम के बाद हार्ट को सुरक्षित रखा गया     |   सीएम शुभेंदु अधिकारी का ऐलान- नंदीग्राम सीट छोड़ेंगे, भवानीपुर से रहेंगे विधायक     |   विजय ने अपने ज्योतिषी को OSD के पद से हटाया, कल ही की थी नियुक्ति     |   प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम पूरा, हॉस्पिटल में अखिलेश, लखनऊ पहुंच रहीं अपर्णा     |  

सोनिया गांधी फिर अस्पताल में भर्ती, सुबह 6 बजे ले जाना पड़ा मेदांता अस्पताल, राहुल-प्रियंका भी मौजूद

कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है। इससे पहले 24 मार्च को भी सोनिया गांधी को बुखार और शरीर में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय डॉक्टरों ने बताया था कि उन्हें एक प्रकार के संक्रमण के कारण इलाज की जरूरत थी।

मेदांता अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी को मंगलवार रात 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टर पेट और मूत्र मार्ग (यूरिनरी ट्रैक्ट) में संक्रमण की संभावना को देखते हुए कई जांच कर रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी मां की तबीयत को लेकर चिंतित हैं और उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अपनी केरल यात्रा भी रद्द कर दी। राहुल गांधी ने कोझिकोड में आयोजित एक रैली को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि मां के अस्पताल में भर्ती होने के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

राहुल गांधी ने कहा, “मैं वहां आना चाहता था, लेकिन मेरी मां अस्पताल में भर्ती हैं। एक बेटे के रूप में मैं उनके साथ रहना चाहता था। पूरी रात मैं उनकी सेहत को लेकर चिंतित रहा। इस दौरान केरल की एक नर्स, जो हर घंटे आकर मेरी मां की देखभाल कर रही थीं, उन्हें देखकर मुझे काफी संतोष मिला।” गौरतलब है कि पिछले वर्ष जून में भी सोनिया गांधी को पेट से जुड़ी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें अस्पताल के गैस्ट्रो विभाग में निगरानी में रखा गया था। जून 2025 में भी उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती किया गया था।