Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

अस्पताल से डिस्चार्ज हुए शरद पवार, सभी मेडिकल रिपोर्ट आईं सामान्य

महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को बुधवार सुबह पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से डिस्चार्ज कर दिया गया। मेडिकल जांच और डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और वह पूरी तरह ठीक हैं।

रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ और चेयरमैन डॉ. पुरवेज के ग्रांट ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरद पवार की तबीयत ठीक है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वह अस्पताल से सीधे मुंबई स्थित अपने आवास जाएंगे।

शरद पवार के पारिवारिक मित्र विट्ठल मणियार ने भी मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट संतोषजनक आई हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले शरद पवार को खांसी और बलगम की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी जरूरी जांच की गईं और रिपोर्ट सामान्य आई हैं।

मणियार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से चिंता नहीं करने की अपील की।

गौरतलब है कि शरद पवार को 2 नवंबर को खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने पहले बताया था कि उनकी सभी स्वास्थ्य जांच सामान्य थीं। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय निगरानी में रखा था। तबीयत में सुधार और परेशानी कम होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।