Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

J-K: बसंतगढ़ में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान तीसरे दिन भी जारी

जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले के जंगली इलाके में पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के तीन आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा चलाया जा रहा तलाशी अभियान शनिवार को तीसरे दिन भी जारी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकवादी मारा गया और उसके तीन सहयोगी बसंतगढ़ के जंगली इलाके में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से शनिवार सुबह अभियान फिर से शुरू हुआ और समूह के शेष आतंकवादियों को खत्म करने के लिए घेराबंदी को और मजबूत किया गया। 

पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) भीम सेन टूटी ने  कहा कि एक आतंकवादी को सफलतापूर्वक मार गिराया गया है और शेष तीन की तलाश जारी है। अधिकारियों ने बताया कि चार आतंकवादियों के समूह पर एक साल से नजर रखी जा रही थी और गुरुवार सुबह बसंतगढ़ के सुदूर बिहाली इलाके में सेना और पुलिस के संयुक्त तलाशी दल से उनका सामना हुआ। 

उन्होंने कहा कि चारों आतंकवादी करूर नाले के पास छिपे पाए गए और सेना के पैरा कमांडो के नेतृत्व में संयुक्त तलाशी दल ने उन्हें घेर लिया, जिसके परिणामस्वरूप मुठभेड़ हुई। अधिकारियों ने कहा कि मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों में से एक की पहचान हैदर के रूप में हुई है, जिसका छद्म नाम मौलवी था और वह पाकिस्तान का रहने वाला था। 

उन्होंने बताया कि ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) की मदद से वे जंगलों और प्राकृतिक गुफाओं का इस्तेमाल कर छिपने के लिए एक इलाके से दूसरे इलाके में जा रहे थे। पिछले कई महीनों में इस क्षेत्र में आतंकवादियों को भोजन और आश्रय प्रदान करने के आरोप में पांच ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार किया गया है।