Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

नीरज चोपड़ा के फैन को मिला खास तोहफा, वीवीआईपी अनुभव तक पहुंची ट्वीट से शुरू हुई बात

Karnataka: देश में एथलेटिक्स को लेकर दीवानगी लगातार बढ़ रही है और इसका बड़ा कारण हैं नीरज चोपड़ा। इस बात का ताज़ा उदाहरण हैं रंजीत कुमार रविचंद्रन, जो कोयंबटूर के रहने वाले हैं और नीरज के जबरदस्त फैन हैं। उन्होंने हाल ही में नीरज चोपड़ा द्वारा आयोजित एनसी क्लासीक को वीवीआईपी तरीके से देखने का मौका पाया, वो भी बिना कोई पैसा खर्च किए।

रंजीत ने पिछले महीने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर सिर्फ़ 2000 रुपये की मदद मांगते हुए एक ट्वीट किया था ताकि वे इस इवेंट को देख सकें। लेकिन उन्हें जो मिला, वो उनकी कल्पना से भी बढ़कर था। नीरज चोपड़ा ने खुद ट्वीट कर जवाब दिया और उन्हें पूरे खर्च के साथ वीआईपी अनुभव का न्योता दिया।

30 वर्षीय रंजीत ने कहा, "मैंने बस यूं ही ट्वीट कर दिया था। अगले दिन मुझे नीरज सर का कोटेड ट्वीट मिला। मुझे लगा ये सच है या नहीं, बार-बार चेक किया। फिर आयोजकों की कॉल आई कि मैं ‘लकी विनर’ हूं। मुझे VVIP पास, होटल में रहने की सुविधा और पूरा खर्च उठाने की बात बताई गई। सब कुछ सपने जैसा लग रहा था।"

रंजीत, जो एक प्राइवेट फर्म में काम करते हैं और साथ ही डेटा साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं, 2016 से नीरज चोपड़ा को फॉलो कर रहे हैं जब उन्होंने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था। उन्होंने कहा, "उनका हर रिकॉर्ड देखकर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं। एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 के गोल्ड और फिर टोक्यो ओलंपिक — ये सब हम दोस्तों के लिए ऐतिहासिक पल थे।"

रंजीत ने बताया कि वे नीरज चोपड़ा के हर इवेंट को लाइव देखते हैं, चाहे रात के कितने भी बजे हों। "कई बार नीरज के इवेंट्स देर रात होते हैं। मैं या तो अलार्म लगाता हूं या पूरी रात जागता हूं, लेकिन कोई इवेंट मिस नहीं करता।" नीरज के अलावा रंजीत को हॉकी का भी शौक है। उन्होंने 2018 में भुवनेश्वर जाकर हॉकी वर्ल्ड कप देखा था। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में वे एनसीसी में थे और हॉकी खेलते थे। 

रंजीत ने कहा, "मेरा पसंदीदा हॉकी खिलाड़ी है मनप्रीत सिंह, वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं, फिर भी बेहद विनम्र हैं।" रंजीत की कहानी बताती है कि कैसे खेलों के प्रति जुनून और सोशल मीडिया का मेल किसी को जिंदगी का यादगार अनुभव दिला सकता है और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ी कैसे अपने फैंस से दिल से जुड़े रहते हैं।