Bihar: राजधानी पटना के लोगों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौर्यलोक परिसर में बने मौर्य मंडपम और अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन किया। यह परियोजना पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत 15 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई है।
परियोजना के तहत मौर्यलोक परिसर और मौर्य टावर का जीर्णोद्धार कर इसे आधुनिक स्वरूप दिया गया है। स्मार्ट सिटी के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि निर्माण में लाइट गेज स्टील फ्रेमिंग तकनीक का उपयोग किया गया है, जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ पारंपरिक निर्माण विधि से अधिक टिकाऊ और तेज है।
परियोजना की प्रमुख खासियत
आधुनिक बहुउद्देशीय हाल – ए ब्लॉक की छत पर 12 हजार वर्गफुट में प्री-फैब स्ट्रक्चर से बना बैंक्वेट हाल तैयार हुआ है। बिना पिलर वाला यह हाल पूरी तरह खुला और उपयोगी है। इंसुलेटेड छत से इसका तापमान बाहर की तुलना में 10 डिग्री कम रहेगा। शादियों, पार्टियों और कॉर्पोरेट आयोजनों के लिए यह आदर्श स्थल होगा।
मल्टीप्लेक्स – परिसर में दो स्क्रीन वाला अत्याधुनिक मल्टीप्लेक्स बनाया गया है, जहां हर स्क्रीन पर 40 दर्शक एक साथ फिल्म देख सकेंगे।
फाइन डाइनिंग रेस्तरां – मल्टीप्लेक्स के नीचे छह हजार वर्गफुट क्षेत्र में थीम आधारित रेस्तरां बनाया गया है, जिसमें एक साथ 80 लोग बैठ सकते हैं।
जिम और योगा सेंटर – बी ब्लॉक की छत पर आठ हजार वर्गफुट क्षेत्र में आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित जिम और योगा सेंटर विकसित किया गया है।
मौर्य टावर में आधुनिक ऑफिस – छठे और सातवें तल पर 24 हजार वर्गफुट क्षेत्र में व्यावसायिक उपयोग के लिए अत्याधुनिक कार्यालय तैयार किए गए हैं।
सुंदरीकरण और सुविधाएं – परिसर में स्वामी विवेकानंद पार्क का विकास, आंतरिक सड़कों और मैनहोल की मरम्मत, कालीकरण, नई लाइटिंग, पेंटिंग और पौधारोपण किया गया है।
राजधानीवासियों को मिलेगा बहुउद्देशीय स्थल
मौर्य मंडपम और जिम के उद्घाटन के साथ ही पटना को एक ऐसा बहुउद्देशीय स्थल मिलने जा रहा है, जहां मनोरंजन, खानपान, स्वास्थ्य और व्यवसाय की सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी।