Breaking News

BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |   मुंबई में महंगाई का डबल अटैक... महंगी हुई CNG-PNG, ऑटो और काली-पीली टैक्सी का किराया भी बढ़ा     |   हिमाचल: नालागढ़ पुलिस स्टेशन IED ब्लास्ट केस में 3 और गिरफ्तार, NIA के शिकंजे में अब 6 आरोपी     |   यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी एयर स्ट्राइक, 3 की मौत; 5 घायल     |   होर्मुज स्ट्रेट में टैंकर पर हमला, 3 अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराने की खबर     |  

योगी सरकार का बड़ा तोहफा: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं अब फ्री में करेंगी बस यात्रा

उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत अब 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के एमडी पीएन सिंह ने शासनादेश जारी कर दिया है।

जारी आदेश को परिवहन निगम के सभी डिपो, क्षेत्रीय प्रबंधकों और सेवा प्रबंधकों को भेजा गया है। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाओं को बस में सफर के दौरान आधार कार्ड या वोटर कार्ड दिखाना होगा। दस्तावेज में उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक होने की पुष्टि होने के बाद परिचालक उनके लिए शून्य धनराशि का टिकट जारी करेगा। इसके बाद महिला यात्री बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।

इससे पहले रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं और उनके सहयात्रियों को दी गई मुफ्त बस यात्रा सुविधा का 88.94 लाख से अधिक यात्रियों ने लाभ उठाया। अधिकारियों के मुताबिक, 27 से 29 अगस्त के बीच सुबह 6 बजे से आधी रात तक 55.17 लाख महिलाओं और 33.76 लाख सहयात्रियों ने निशुल्क यात्रा की। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल मुफ्त यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या ने पिछले साल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। इस सुविधा पर सरकार ने करीब 106.98 करोड़ रुपये खर्च किए।

परिवहन विभाग की अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए निशुल्क बस यात्रा की घोषणा की थी। UPSRTC के अधिकारियों, कर्मचारियों, ड्राइवरों और परिचालकों ने इस सुविधा को सफलतापूर्वक लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आंकड़ों के अनुसार, 2025 में रक्षाबंधन के आसपास तीन दिनों में 78.26 लाख यात्रियों ने मुफ्त बस यात्रा की थी। इस पर सरकार को करीब 86.98 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े थे। वहीं, इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 88.94 लाख हो गया है। रक्षाबंधन के मुख्य दिन यानी 28 अगस्त को सबसे ज्यादा 49.96 लाख यात्रियों ने मुफ्त यात्रा की। इनमें 32.47 लाख महिलाएं और 17.48 लाख सहयात्री शामिल थे। वहीं, 27 अगस्त को 9.26 लाख और 29 अगस्त को 29.71 लाख यात्रियों ने निशुल्क बस यात्रा का लाभ उठाया।

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से बुजुर्ग महिलाओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर अपने रिश्तेदारों से मिलने, धार्मिक यात्रा या जरूरी काम से दूसरे शहर जाने वाली महिलाओं के लिए यह योजना आर्थिक रूप से मददगार साबित होगी।